मनीला, 16 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को फिलीपींस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मनीला पहुंचे। मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया। फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने पीएम मोदी का स्वागत किया।

पीएम मोदी को देखते ही वहां मौजूद लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। वहीं बच्चों ने संस्कृत श्लोक पढ़कर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने लोगों से हाथ मिलाकर अभिवादन किया। कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया और स्वागत में रंगोली भी बनाई गई।
पीएम मोदी बोले- भारतीय समुदाय से मिलकर बहुत खुशी हुई
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ‘कुछ समय पहले फिलीपींस के मनीला पहुंचा। भारतीय समुदाय से मिलकर बहुत खुशी हुई, जिन्होंने मेरा बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि हमारे प्रवासी भारतीय न केवल अपनी संस्कृति को सहेज कर रखे हुए हैं, बल्कि दोनों देशों को करीब लाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की एक शानदार झलक देखने को मिली।’
Landed in Manila, Philippines a short while ago.
Very happy to meet the Indian community, which accorded a very warm welcome.
It is wonderful to see our diaspora preserve Indian culture and at the same time, work towards bringing our nations closer.
The programme offered a wonderful glimpse of the deep cultural connections between India and the Philippines.
Saw replicas of the Golden Tara of Agusan and the historic Laguna Copperplate Inscription dating back to the 9th and 10th centuries.
It was particularly special to witness children from both countries recite the Purna Kumbha Shloka, followed by energetic Bollywood and Bhangra performances.
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2026
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “यहां ‘अगुसान की गोल्डन तारा’ और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक ‘लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख’ की प्रतिकृतियां देखीं। यह देखना विशेष रूप से सुखद था कि दोनों देशों के बच्चों ने ‘पूर्ण कुंभ श्लोक’ का पाठ किया, और उसके बाद उन्होंने पूरे जोश के साथ बॉलीवुड और भांगड़ा की प्रस्तुतियां दीं।”

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर लिखा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेने के लिए मनीला पहुंचे। पीएम का स्वागत फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने किया। यह दौरा भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी और इंडो-पैसिफिक विजन के लिए आसियान के साथ पार्टनरशिप को पक्का करता है।’
PM @narendramodi arrived in Manila, Republic of the Philippines, to participate in the 23rd ASEAN-India Summit and the 21st East Asia Summit.
On arrival, PM was received by H.E. Mr. Robert Joseph “Jay” Montes de Claro, Secretary of the Department of Information and Communications Technology, Philippines.
The visit reaffirms India’s partnership with ASEAN as a cornerstone to its Act East Policy and Indo-Pacific Vision.
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) November 16, 2026
यात्रा का महत्व और एजेंडा
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब भारत और आसियान 2026 को आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष के रूप में मना रहे हैं। 2027 में संवाद संबंधों के 35 वर्ष और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष पूरे होंगे। आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 सहित व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और सहयोग की भविष्य की दिशा तय की जाएगी।
मनीला में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित रात्रिभोज शामिल है। अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन होंगे। इनके बीच अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।
आसियान के साथ व्यापारिक रिश्ते
विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया था कि आसियान भारत का प्रमुख व्यापारिक भागीदार बन चुका है। पूरे क्षेत्र के साथ व्यापार लगभग 122 अरब डॉलर का है।


