UP Election 2027: सपा का बुलडोजर पर पोस्टर वार, भाजपा ने अखिलेश को राम मंदिर और कारसेवकों की दिलाई याद

लखनऊ, 14 नवंबर, UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। अभी चुनाव में वक्त है, लेकिन दोनों दलों ने पोस्टर के जरिए एक-दूसरे पर हमला बोलना शुरू कर दिया है।

समाजवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बुलडोजर कार्रवाई पर निशाना साधते हुए पोस्टर लगाया है तो भाजपा ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर सवाल खड़े किए हैं। इस पोस्टर वार में अब बुलडोजर और साइकिल के साथ राम मंदिर और 1990 के कारसेवक गोलीकांड का मुद्दा भी जुड़ गया है।

सपा का पोस्टर- ‘जो बुलडोजर लेकर आए थे, वे साइकिल से जाएंगे’

समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टर पर लिखा है, ‘जो बुलडोजर लेकर आए थे, वे साइकिल से जाएंगे।’ पोस्टर के जरिए सपा ने योगी सरकार की बुलडोजर कार्रवाई पर तंज कसते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संदेश देने की कोशिश की है।

दरअसल, बुलडोजर को योगी सरकार की सख्त कार्रवाई और कानून-व्यवस्था से जोड़कर देखा जाता है। वहीं, साइकिल समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न है। ऐसे में पोस्टर के जरिए सपा ने बुलडोजर बनाम साइकिल की सियासी लड़ाई को चुनावी रंग देने की कोशिश की है। खास बात यह है कि यह पोस्टर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के एक दिन बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने जेवर में नए ट्रैक्टर प्लांट के शिलान्यास समारोह के दौरान बुलडोजर को उत्तर प्रदेश का ब्रांड बताया था।

अखिलेश के अयोध्या दौरे पर भाजपा का पलटवार

सपा के पोस्टर के जवाब में भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिसंबर में प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर लखनऊ में एक पोस्टर सामने आया है। इसमें अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा गया है कि उन्हें यह कदम उठाने में काफी देर हो गई। पोस्टर में वर्ष 1990 में अयोध्या में पुलिस फायरिंग के दौरान मारे गए कारसेवकों का मुद्दा उठाया गया है। इस पर लिखा है, ‘क्या आप कारसेवकों को श्रद्धांजलि दे पाएंगे? जो भगवान राम का नहीं, वह किसी और का नहीं हो सकता।’ भाजपा ने इस पोस्टर के जरिए अखिलेश यादव के प्रस्तावित राम मंदिर दौरे को कारसेवकों पर हुई पुलिस कार्रवाई से जोड़कर सपा को घेरने की कोशिश की है।

योगी पहले ही सपा से मांग चुके हैं माफी

अयोध्या और कारसेवकों का मुद्दा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उठा चुके हैं। इससे पहले उन्होंने विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कि सपा नेताओं को अयोध्या आकर राम मंदिर में दर्शन और आशीर्वाद लेना चाहिए, लेकिन उससे पहले उन्हें वर्ष 1990 में कारसेवकों पर हुई पुलिस फायरिंग के लिए माफी मांगनी चाहिए।

योगी ने कहा था कि अब अयोध्या कभी कर्फ्यू की चपेट में नहीं आएगी। यहां न कोई दंगा भड़का सकेगा और न ही किसी को अराजकता फैलाने की हिम्मत होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या की उपेक्षा और यहां के संतों का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिन लोगों ने रामनगरी की उपेक्षा की, रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और संतों का अपमान किया, उन्हें अयोध्या जरूर आना चाहिए, लेकिन पहले कारसेवकों से जुड़े घटनाक्रम पर माफी मांगनी चाहिए।

चुनाव से पहले राम मंदिर और बुलडोजर बने सियासी हथियार

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और सपा के बीच शुरू हुई पोस्टरबाजी से साफ है कि आने वाले दिनों में सियासी बयानबाजी और तेज हो सकती है। एक तरफ सपा बुलडोजर के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ भाजपा राम मंदिर और कारसेवकों के मुद्दे पर अखिलेश यादव को कठघरे में खड़ा कर रही है। अब देखना होगा कि चुनावी माहौल में पोस्टर वार की यह लड़ाई आगे क्या नया मोड़ लेती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular