UP: संभल में 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा शुरू, रात 1 बजे से उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

संभल, 13 नवंबर। उत्तर प्रदेश के संभल में ऐतिहासिक 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा शुक्रवार रात एक बजे से शुरू हो गई। परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रात से ही भक्तों का बंश गोपाल तीर्थ मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था। ब्रह्म मुहूर्त होते-होते श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। भक्तों ने सबसे पहले बंश गोपाल तीर्थ मंदिर में दर्शन-पूजन किया और इसके बाद 24 कोसीय परिक्रमा के लिए रवाना हो गए। सुबह होते-होते पूरा परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं से गुलजार हो उठा।

इस धार्मिक आयोजन का संभल में विशेष ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। 24 कोसीय परिक्रमा के अंतर्गत संभल के 68 तीर्थ और 19 कूप आते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को इन पवित्र तीर्थों और कूपों के दर्शन एवं परिक्रमा का सौभाग्य प्राप्त होता है। यही वजह है कि संभल के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में पहुंच रहे हैं।

रात एक बजे से शुरू हुई परिक्रमा, ब्रह्म मुहूर्त में उमड़ी भीड़

बंश गोपाल तीर्थ मंदिर के महंत स्वामी भगवत प्रिय ने बताया कि इस बार परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। रात करीब एक बजे स्नान के बाद भक्तों ने परिक्रमा शुरू कर दी थी। रात दो बजे तक ही श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ने लगी और करीब 40 से 45 हजार लोग यात्रा के लिए रवाना हो चुके थे। महंत ने बताया कि वह स्वयं स्नान के बाद सुबह चार बजे पूजा-पाठ करते हैं। इसके बाद श्रद्धालुओं को परिक्रमा के लिए रवाना किया जाता है। हालांकि, भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए रात से ही परिक्रमा शुरू हो गई थी।

सुबह चार से छह बजे के बीच 50 से 60 हजार श्रद्धालु निकले

महंत स्वामी भगवत प्रिय के मुताबिक, सुबह चार बजे से छह बजे के बीच करीब 50 से 60 हजार श्रद्धालु परिक्रमा के लिए रवाना हुए। ब्रह्म मुहूर्त में भक्तों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ। अब तक करीब एक लाख श्रद्धालु 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा में शामिल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालु पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ विभिन्न तीर्थों के दर्शन करते हुए परिक्रमा कर रहे हैं। पहले के वर्षों में इस पूरी परिक्रमा में ढाई से तीन लाख तक श्रद्धालु शामिल होते थे, लेकिन इस बार शुरुआती कुछ घंटों में ही एक लाख से अधिक भक्तों का पहुंचना उत्साहजनक है।

68 तीर्थ और 19 कूपों से जुड़ी है परिक्रमा

संभल की 24 कोसीय तीर्थ परिक्रमा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्राचीन धार्मिक परंपरा और आस्था से भी जुड़ी हुई है। इस परिक्रमा में 68 तीर्थ और 19 कूप शामिल माने जाते हैं। श्रद्धालु इन पवित्र स्थलों के दर्शन करते हुए अपनी यात्रा पूरी करते हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोग इस परंपरा में हिस्सा लेने पहुंचते हैं। इस बार भी रात से ही शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला सुबह तक जारी रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular