युवा ओलम्पिक : अंबेकर मीतेई व गुंजन ने जीते ऐतिहासिक स्वर्ण, कुल 10 पदकों के साथ भारतीय अभियान समाप्त

डकार (सेनेगल), 12 नवम्बर। भारतीय मुक्केबाजद्वय अंबेकर लाइरेनलकपम मीतेई व गुंजन ने यहां युवा ओलम्पिक खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में गुरुवार को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीते। दरअसल, युवा ओलम्पिक की मुक्केबाजी स्पर्धा में यह पहला मौका था, जब भारत को स्वर्ण पदक मिला। मजेदार यह रहा कि अंबेकर ने शुरुआत की और फिर गुंजन ने यह स्वर्णिम खुशी दोगुनी कर दी।

2 स्वर्ण के अलावा 3 रजत व 5 कांस्य पदक भी मिले

भारतीय दल के प्रदर्शन की बात करें तो मुक्केबाजी में इन दो स्वर्ण के साथ बैडमिंटन, जूडो, तैराकी, एथलेटिक्स, बीच रेसलिंग व वुशु में तीन रजत व पांच कांस्य पदक भी मिले। इस प्रकार भारत ने कुल 10 पदकों के साथ अपने अभियान का समापन किया। इन खेलों का समापन समारोह शुक्रवार को होगा।

डकार एक्सपो सेंटर में आयोजित पुरुषों के 50 किग्रा फाइनल में अंबेकर मैतेई ने आयरलैंड के क्रिस्टियन जुबानी को 3-2 से हराया और कुछ देर बाद ही गुंजन ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग फाइनल में अल्जीरिया की बौथैना बेनसालाह पर 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की।

युवा ओलम्पिक की मुक्केबाजी में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

देखा जाए तो दो स्वर्ण पदकों के साथ युवा ओलम्पिक की मुक्केबाजी स्पर्धा में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले सिंगापुर संस्करण (2010) में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था, जब शिव थापा ने 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता था और विकास कृष्ण ने कांस्य पदक हासिल किया था।

फाइनल का पहला राउंड गंवाने के बाद अंबेकर की शानदार वापसी

गौर करने वाली बात तो यह रही कि मणिपुर के 17 वर्षीय मुक्केबाज अंबेकर अपने फाइनल का पहला राउंड सभी पांचों जजों के स्कोरकार्ड के साथ हार गए थे। हालांकि, भारतीय मुक्केबाज ने शानदार वापसी करते हुए तीन स्कोरकार्ड पर दूसरा राउंड जीता और फिर चार जजों के स्कोरकार्ड पर तीसरा राउंड अपने नाम करते हुए स्प्लिट-डिसीजन से जीत हासिल की।

अंबेकर ने कहा, ‘सबसे मुश्किल पल पहले राउंड में था। पहले राउंड में शुरुआत धीमी रही, लेकिन दूसरा और तीसरा राउंड बेहद कड़ा था और मैं स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहा। मेरे कोच ने मुझे आगे बढ़कर अटैक करने के लिए कहा था, इसलिए मैंने पूरा जोर लगाया और दूसरा तथा अंतिम राउंड जीत लिया।’

मीतेई का फाइनल तक का सफर शानदार रहा

अंबेकर मीतेई ने राउंड ऑफ 16 में सेनेगल के शेख इब्राहिमा फॉल फाये पर 5-0 की सर्वसम्मत जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर-फाइनल में नामीबिया के अब्राहम कालेंगा को हराया, जहां पहले ही राउंड में रेफरी ने मुकाबला रोक दिया था। सेमीफाइनल में मीतेई ने कोलंबिया के इजोन जेफरी गैलिया अरेवालो पर एक और 5-0 की जीत दर्ज करते हुए गोल्ड मेडल मुकाबले में प्रवेश किया।

गुंजन ने फाइनल में एकतरफा जीत दर्ज की

दूसरी ओर, गुंजन ने बेनसालाह के खिलाफ फाइनल में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा और सभी पांच जजों के स्कोरकार्ड पर तीनों राउंड 10-9 के अंतर से जीते। भारतीय मुक्केबाज को शुरुआती दौर में बाई मिली थी, जिसके बाद उन्होंने क्वार्टर-फाइनल में मेक्सिको की एटेना सोफिया जुआरेज कैलेरो को 5-0 से मात दी। इसके बाद गुंजन ने सेमीफाइनल में ग्रेट ब्रिटेन की लिली बैसेट को 4-1 से हराकर गोल्ड मेडल मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

बैसेट पर गुंजन की यह जीत विशेष रूप से उल्लेखनीय थी क्योंकि ब्रिटिश मुक्केबाज ने बैंकॉक में हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग फ्यूचर्स कप के वूमेंस 48 किग्रा फाइनल में गुंजन को 5-0 से हराया था। हरियाणा के हांसी जिले के धना कलां गांव की रहने वाली गुंजन हिसार के मंजीत लोहान बॉक्सिंग क्लब में प्रशिक्षण लेती हैं।

गुंजन ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, ‘इस गोल्ड मेडल के पीछे मेरे जीवन में बहुत सारे बलिदान रहे हैं। हर किसी के जीवन में जब भी वे जीतते हैं, तो उनकी सफलता के पीछे कई त्याग छिपे होते हैं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular