यूपी में तीसरा मोर्चा : ओवैसी व चंद्रशेखर आजाद ने बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा, सभी 403 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

लखनऊ, 12 नवम्बर। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को लेकर बढ़ती सरगर्मियों के बीच गुरुवार को तीसरा मोर्चा (Third Front) बन गया, जब आजाद समाज पार्टी (ASP-कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मिलकर नए राजनीतिक गठबंधन का एलान कर दिया।

चंद्रशेखर आजाद होंगे गठबंधन के मुख्यमंत्री पद का चेहरा

राजधानी लखनऊ के एक निजी होटल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और ASP के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपने गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा। दोनों नेताओं ने इस दौरान घोषणा की कि 2027 के विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। साथ ही मोर्चे ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है।

तीसरा नहीं बल्कि पहला और मजबूत मोर्चा

गठबंधन की घोषणा करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा कोई तीसरा मोर्चा नहीं बल्कि पहला और मजबूत मोर्चा है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश में सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए यह गठबंधन पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच कोई मतभेद नहीं है और सभी 403 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ा जाएगा।

बी टीम कहने की परिभाषा हो गई पुरानी

एआईएमआईएम प्रमुख ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है। उन्होंने कहा, ‘अब बी टीम कहने की परिभाषा पुरानी हो गई है। यदि किसी को वोट देने के बाद भी हमारी बात नहीं सुनी जाती तो हमें अपनी राजनीतिक ताकत खुद खड़ी करनी होगी। लोकतंत्र में जब हम दूसरों को ताकत दे सकते हैं तो अपनी ताकत भी बना सकते हैं। अब हम किसी के सामने हाथ नहीं फैलाएंगे, बल्कि बहुजन समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्ग को मजबूत बनाने का काम करेंगे।’

कक्षा एक से 12वीं तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा

ओवैसी ने कहा कि लंबे समय तक राजनीतिक दलों ने बहुजन और वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने का वादा किया, लेकिन आज भी इन वर्गों को बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पढ़े-लिखे नौजवान बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी कोई भर्ती नहीं है, जिसमें घोटाले के आरोप न लगे हों। उनकी सरकार बनने पर कक्षा एक से 12वीं तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।

चंद्रशेखर ने हाथरस, कासगंज व मेरठ की घटनाओं का जिक्र कर सरकार को घेरा

वहीं एएसपी अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा, ‘हमें उत्तर प्रदेश में 16 महीने जेल में रखा गया और मुझ पर एनएसए लगाया गया, लेकिन हमारे मुकदमे वापस नहीं हुए। दूसरी ओर मुख्यमंत्री अपने मुकदमे वापस लेने में सफल रहे।’ उन्होंने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमारी बेटी को रात में जला दिया गया और परिवार को न्याय नहीं मिला।’ कासगंज में अल्ताफ की मौत, मेरठ में सोनू कश्यप को जिंदा जलाए जाने और लखनऊ में रामशंकर वाल्मीकि का मामला उठाते हुए उन्होंने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए।

भाजपा को नहीं रोक सकते अखिलेश

सपा पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि अखिलेश यादव भाजपा को नहीं रोक सकते। उन्होंने सवाल किया कि यदि गठबंधन में चुनाव लड़ना ही गलत है तो सपा ने मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में चुनाव क्यों लड़ा? हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भी अलग-अलग चुनाव लड़ी थीं। उन्होंने कहा कि जिनके अपने घर शीशे के होते हैं, उन्हें दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए।

‘आजम खान के साथ अन्याय हुआ, हम उनके साथ खड़े रहेंगे’

आजम खान के मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं और उनकी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि आजम खान किसकी वजह से जेल में हैं, यह सभी जानते हैं। चंद्रशेखर आजाद ने भी कहा कि आजम खान के साथ अन्याय हुआ है और वह उनके संघर्ष में साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने आजम खान के बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी से जुड़े होने का भी जिक्र किया।

SIR और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी सुप्रीम कोर्ट में इस मामले में पक्षकार बनी थी और उत्तर प्रदेश में भी इस मुद्दे पर मुकदमा दायर किया गया है। उन्होंने चुनाव आयोग से सवाल किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कथित तौर पर 1.27 करोड़ हिन्दू मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी कैसे मिली? चुनाव आयोग को यह डेटा सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग बताए कि किस पार्टी और किस वर्ग के कितने मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं।

26 नवम्बर को रमाबाई अंबेडकर मैदान में करेंगे रैली

सांसद आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि जुल्म सहने वाले से अन्याय सहने वाला ज्यादा दोषी होता है। इसी विचार के साथ यह मोर्चा बनाया गया है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में गरीबों, दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। अब इन वर्गों को एकजुट होकर अपनी ताकत पहचाननी होगी।

उन्होंने एलान किया कि 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली के जरिए गठबंधन अपनी चुनावी ताकत का प्रदर्शन करेगा और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभियान को आगे बढ़ाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular