शेयर बाजार उतार-चढ़ाव के बीच मामूली बढ़त लेकर बंद, सेंसेक्स फिर 82000 के पार जाकर लौटा

मुंबई, 12 नवम्बर। घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गुरुवार को भी काफी उतार-चढ़ाव दिखा। हालांकि विदेशी निवेशकों की लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त लेकर बंद हुए।  बीएसई सेंसेक्स इस दौरान लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में 82,000 के पार जाकर लौटा तो एनएसई निफ्टी 44 अंकों की बढ़त से 25,300 के करीब जाकर रुका।

यदि देखा जाए तो नियमित कारोबारी सत्र में यह लगातार 10वां दिन था, जब शेयर बाजार में तेजी रही। हालांकि दीपावली (9 नवम्बर) के अवकाश पर मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में बेंचमार्क इंडेक्स मामूली गिरावट लेकर बंद हुए थे। उसके बाद आज लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी रही।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘घरेलू शेयर बाजार में कारोबार लगभग स्थिर रहा। वित्तीय और रियल्टी शेयरों में खरीदारी ने सूचना प्रौद्योगिकी, दैनिक उपभोग के सामान और वाहन कम्पनियों के शेयरों में मुनाफावसूली के असर को संतुलित किया। विदेशी निवेशकों की मजबूत लिवाली से भी बाजार को सहारा मिला।’

सेंसेक्स 31.61 अंक चढ़कर 81,911.01 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 31.61 अंक यानी 0.04 प्रतिशत चढ़कर 81,911.01 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 117 अंकों की गिरावट लेकर खुला सूचकांक कारोबार के दौरान 749 अंकों के दायरे में 82,325.61 अंक के ऊपरी और 81,576.15 अंक के निचले स्तर तक गया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 10 के शेयर मजबूत रहे जबकि 20 में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 44.30 अंकों की बढ़त से 25,299.35 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 44.30 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,299.35 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले मामूली गिरावट के साथ खुला सूचकांक ने कारोबार के दौरान 242 अंकों के दायरे में 25,384.80 का ऊपरी व 25,142.95 अंक का निचला स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 20 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 30 में गिरावट दर्ज की गई।

बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा 3.32 फीसदी की तेजी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस ने सबसे ज्यादा 3.32 फीसदी की तेजी देखी। भारतीय स्टेट बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक और इटर्नल के शेयरों में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। दूसरी तरफ, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, मारुति, पावर ग्रिड और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के शेयर गिरावट में रहे।

एफआईआई ने 12,563.33 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 12,563.33 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.44 प्रतिशत गिरकर 92.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular