नई दिल्ली, 12 नवम्बर। दिल्ली पुलिस आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री प्रमुख अरविंद केजरीवाल को बेटी सहित जान से मारने की धमकी के मामले की जांच कर रही है। यह धमकी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से दी गई है, जिसमें फोन करने वाले ने सात करोड़ रुपये की मांग की है। तिलक नगर के AAP विधायक जरनैल सिंह ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
AAP विधायक जरनैल सिंह ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
जनरैल सिंह ने दिल्ली पुलिस को बताया कि उन्हें एक व्यक्ति का फोन कॉल और ह्वाट्सएप मैसेज आया था, जिसने खुद को विदेश से जुड़े इस गैंग का सदस्य बताया। गत 6 नवम्बर को पंजाब के मोहाली में पुलिस को दी गई शिकायत में, AAP विधायक ने बताया कि फोन करने वाले ने 7 करोड़ रुपये मांगे और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए गए, तो वह केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को मार देगा।
अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देने तथा सात करोड़ रुपये की मांग करने के मामले में पंजाब पुलिस ने दिल्ली से पार्टी विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। अपनी शिकायत में सिंह ने बताया कि उन्हें छह नवम्बर को एक व्यक्ति का फोन आया और ह्वाट्सएप पर संदेश भी मिला। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया।
आरोप है कि उसने पैसे नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4) (जबरन वसूली) और 351(2) (आपराधिक धमकी) सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज किया है और जांच साइबर क्राइम यूनिट के अधिकारी सुनील कुमार को सौंप दी है। जांचकर्ताओं ने बताया कि वे उस मोबाइल नंबर से जुड़े कॉल रिकॉर्ड, इंटरनेट प्रोटोकॉल लॉग और लोकेशन डेटा की जांच कर रहे हैं, जिसका इस्तेमाल धमकी देने के लिए किया गया था।
जनरैल सिंह ने केजरीवाल और उनके परिवार के लिए पर्याप्त सुरक्षा की भी मांग की है। पंजाब में उनकी पार्टी सत्ता में है, जिसके मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं, और कुछ ही महीनों में वहां विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री को मिली इस कथित धमकी के बाद, लॉरेंस बिश्नोई गैंग एक बार फिर भारत के सबसे ज्यादा निगरानी वाले संगठित अपराध नेटवर्क के रूप में सामने आ सकता है।
इससे पहले भी जबरन वसूली, गोलीबारी और टारगेट किलिंग के मामलों में इस गैंग का नाम बार-बार सामने आता रहा है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने कहा है कि बिश्नोई जेल से ही अपने गिरोह को चलाता था। इसमें उसके साथ गोल्डी बराड़ और विदेश में बैठे अन्य अपराधी भी शामिल थे, जो अलग-अलग राज्यों में मौजूद स्थानीय शूटर्स और सुरक्षित ठिकानों (सेफ हाउस) का इस्तेमाल करते थे।


