नई दिल्ली, 11 नवम्बर। भारत के पूर्व उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उन्हें संभाला और इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) पहुंचाया, जहां कार्डियो-न्यूरो सेंटर में उनका इलाज चल रहा है।
सुबह की सैर के दौरान बिगड़ी तबीयत
प्राप्त जानकारी के अनुसार 75 वर्षीय जगदीप धनखड़ सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान अचानक वह बेहोश होकर गिर पड़े। वह कुछ मिनट तक बेहोश रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें संभाला और पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया। इसके बाद ILBS की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और जरूरी मेडिकल सहायता दी। हालांकि स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से एम्स ले जाने का फैसला किया गया।
एम्स के कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में इलाज
सूत्रों के अनुसार जगदीप धनखड़ को एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती कराया गया है। कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं। उनकी सेहत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, एम्स प्रशासन की ओर से भी इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पूर्व उप राष्ट्रपति रह चुके धनखड़ ने राज्यसभा के सभापति के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई है।


