पीएम मोदी ने साझा किया अथर्ववेद का सुभाषित, कहा- ‘तप और दीक्षा से ही राष्ट्र, बल और सामर्थ्य की हुई उत्पत्ति’

नई दिल्ली, 11 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक महत्वपूर्ण सुभाषित साझा किया है। इस संस्कृत श्लोक के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि तप और दीक्षा से ही राष्ट्र, बल और सामर्थ्य की उत्पत्ति होती है।

प्रधानमंत्री मोदी ने श्लोक लिखा –

“भद्रमिच्छन्त ऋषयः स्वर्विदस्तपो दीक्षामुपनिषेदुरग्रे।

ततो राष्ट्रं बलमोजश्च जातं तदस्मै देवा उपसन्नमन्तु॥”

श्लोक का अर्थ क्या है?

इसका अर्थ है कि सबके कल्याण की इच्छा रखने वाले और स्वर्ग के ज्ञाता ऋषियों ने सबसे पहले तप तथा दीक्षा का आश्रय लिया। उसी तप और दीक्षा से राष्ट्र, बल और ओज (सामर्थ्य) की उत्पत्ति हुई। ऐसे विकासोन्मुख राष्ट्र और उसकी सामर्थ्य को सभी देवता नमन करते हैं।

अथर्ववेद से लिया गया मंत्र

यह मंत्र अथर्ववेद (शौनक संहिता, काण्ड 19, सूक्त 41, मंत्र 1) से लिया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि एक सशक्त, ओजस्वी और समृद्ध राष्ट्र की नींव भोग-विलास पर नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या, अनुशासन और सामूहिक कल्याण की भावना पर टिकी होती है। ऋषियों के संकल्प को ही राष्ट्र निर्माण और उसकी ऊर्जा का मूल स्रोत बताया गया है।

अथर्ववेद का महत्व

अथर्ववेद चार वेदों में चौथा वेद है, जिसे ब्रह्मवेद भी कहा जाता है। इसमें देवताओं की स्तुति के साथ-साथ चिकित्सा, विज्ञान और दर्शन से जुड़े मंत्र भी शामिल हैं। मान्यता है कि जिस राजा के राज्य में अथर्ववेद का ज्ञाता विद्वान शांति स्थापना के कार्य में लगा रहता है, वह राष्ट्र उपद्रव-रहित होकर निरंतर उन्नति करता है। इस सुभाषित के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्र निर्माण में तप, अनुशासन और सामूहिक कल्याण की भावना को रेखांकित किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular