Pawan Kalyan Divorce : तीसरी शादी भी टूटी! पत्नी अन्ना कोनिडाला से अलग होंगे पवन कल्याण

नई दिल्ली, 10 नवंबर। Pawan Kalyan Divorce: साउथ फिल्म इंडस्ट्री और आंध्र प्रदेश की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण अपनी पत्नी अन्ना कोनिडाला से अलग होने जा रहे हैं। दोनों ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ शादी खत्म करने का फैसला किया है। पवन कल्याण के कार्यालय की ओर से जारी बयान में इस फैसले की जानकारी दी गई है। दोनों ने साफ किया है कि वैवाहिक रिश्ता खत्म होने के बावजूद वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे।

पवन कल्याण और अन्ना कोनिडाला के अलग होने की खबर ने उनके प्रशंसकों को चौंका दिया है। खास बात यह है कि यह पवन कल्याण की तीसरी शादी थी। इससे पहले भी उनकी दो शादियां टूट चुकी हैं। ऐसे में उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला

पवन कल्याण के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जिंदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साथ बिताने के बाद दोनों ने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। बयान के मुताबिक, शादी खत्म होने के बाद भी दोनों के बीच दोस्ती और आपसी सम्मान का रिश्ता बना रहेगा। दोनों ने अपने बच्चों के भविष्य को सबसे ज्यादा अहमियत देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि बच्चों की खुशी और भलाई हमेशा उनकी साझा प्राथमिकता रहेगी। वे आगे भी समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे।

पवन कल्याण की तीसरी शादी भी नहीं चली

पवन कल्याण की निजी जिंदगी में इससे पहले भी कई उतार-चढ़ाव आ चुके हैं। उन्होंने साल 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल सका और दोनों अलग हो गए। इसके बाद साल 2009 में उन्होंने अभिनेत्री और मॉडल रेणु देसाई से शादी की। दोनों का रिश्ता भी साल 2012 में खत्म हो गया। इस शादी से पवन कल्याण के दो बच्चे हैं, अकीरा नंदन और आध्या।

पहली दो शादियों के टूटने के बाद पवन कल्याण ने साल 2013 में अन्ना कोनिडाला से तीसरी शादी की थी। अन्ना मूल रूप से रूस की रहने वाली हैं। इस शादी से भी दोनों के दो बच्चे हैं, पोलिना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच। अब करीब 13 साल बाद यह रिश्ता भी खत्म होने की खबर सामने आई है।

प्राइवेसी बनाए रखने की अपील

तलाक के फैसले की जानकारी देते हुए पवन कल्याण और अन्ना ने लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील की है। बयान में कहा गया है कि जिंदगी के इस निजी बदलाव के दौर में वे लोगों से समझदारी, दयालुता और संवेदनशीलता की उम्मीद करते हैं। दोनों ने उन सभी लोगों का आभार भी जताया है, जिन्होंने उनके जीवन के इस सफर में उनका साथ दिया। फिलहाल इस फैसले के बाद पवन कल्याण की निजी जिंदगी और उनके परिवार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular