उतार-चढ़ाव के बीच शेयर बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद, सेंसेक्स 81000 से ऊपर तो निफ्टी ने पार किया 25000

मुंबई, नौ नवम्बर। बैंकों व वित्तीय कम्पनियों के शेयरों में खरीदारी एवं कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार कारोबारी सत्र के पहले दिन सोमवार को लगातार उतार-चढ़ाव के बाद मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 107 अंकों की तेजी से एक दिन बाद ही फिर 81,000 के ऊपर पहुंच गया जबकि निफ्टी 58 अंकों की बढ़त लेकर 25,000 के स्तर के ऊपर जाकर रुका।

उल्लेखनीय है कि रविवार को दीपावली के अवसर पर आयोजित विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया था और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे।

सेंसेक्स 107.25 अंक चढ़कर 81,106.65 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 107.25 अंक यानी 0.13 प्रतिशत चढ़कर 81,106.65 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 328 अंकों की बढ़त के साथ खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 340.01 अंक बढ़कर जहां 81,339.41 तक पहुंचा था वहीं उसने 480.09 अंकों की गिरावट से 80,519.4 का निचला स्तर भी देखा। यानी दिनभर में 820.10 अंकों का उतार-चढ़ाव दिखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर मजबूत हुए तो 18 में गिरावट रही।

निफ्टी 58.25 अंकों की बढ़त से 25,044.65 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी 58.25 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,044.65 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 90 अकों की बढ़त से खुले सूचकांक ने  कारोबार के दौरान 245.30 के उतार-चढ़ाव के बीच 25,084.05 पर दिन का उच्चतम और 24,838.75 पर निचला स्तर देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 21 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 28 में कमजोरी रही।

SBI के स्टॉक में सबसे ज्यादा 2.43 फीसदी की उछाल सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के स्टॉक में सबसे ज्यादा 2.43 फीसदी की उछाल दिखी। ट्रेंट, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ एचसीएल टेक, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट रही।

ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.46 डॉलर प्रति बैरल पर रहा

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.46 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स में 6,568.49 अंक यानी 8.82 प्रतिशत और निफ्टी में 1,977.25 अंक यानी 8.57 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular