मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, बोले- ‘भारत के लिए खेलने का हमेशा गर्व रहेगा’

नई दिल्ली, छह नवम्बर। भारत के अनुभवी पेसर मोहम्मद शमी ने शुक्रवार को अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। उत्तर प्रदेश के अमरोहा निवासी 36 वर्षीय सीनियर क्रिकेटर ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश में अपने फैसले की जानकारी दी और साथ ही यह भी कहा कि उन्हें भारत के लिए खेलने का हमेशा गर्व रहेगा।

6 नवम्बर को संन्यास लेने की वजह का खुलासा भी किया

मो. शमी ने छह नवम्बर को संन्‍यास लेने की अहम वजह का खुलासा भी किया। दरअसल, उन्होंने छह नवम्बर, 2013 को अपना टेस्‍ट डेब्‍यू किया था और ठीक 13 वर्षों बाद क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप से विदाई ले ली। उन्होंने यह भी बताया कि वह सीमित ओवर क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे।

‘सफेद जर्सी से जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी’

मो. शमी ने वीडियो पोस्ट में लिखा, ‘मैं सफेद जर्सी तो छोड़ रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब मेरा बस एक ही सपना था, अपने देश के लिए कुछ कर दिखाना… तब से लेकर अब तक, हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया है।’

‘टेस्ट क्रिकेट सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, वरन मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है’

उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं रहा, बल्कि यह मेरी जिंदगी का एक बेहद खास हिस्सा रहा है। आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैं टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर रहा हूं। अपने सभी साथियों, कोच, परिवार के सदस्यों और उन करोड़ों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जो इस सफर में मेरे साथ खड़े रहे और अच्छे-बुरे हर वक्त में मुझ पर भरोसा बनाए रखा।’

बीसीसीआई और CAB का भी दिल से शुक्रिया

मो. शमी ने आगे कहा, ‘बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का भी दिल से शुक्रिया, जिन्होंने मेरी प्रतिभा पर विश्वास किया, मुझे आगे बढ़ने के मौके दिए और मेरे क्रिकेट सफर में अहम भूमिका निभाई। आपका समर्थन और भरोसा मेरे लिए हमेशा खास रहेगा। भले ही मैदान पर मेरी आखिरी टेस्ट गेंद फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेगा। शुक्रिया, टेस्ट क्रिकेट। आपका, शमी।’

लंबे वक्त से टीम इंडिया से बाहर रहे हैं

उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शमी को लंबे वक्त से टीम इंडिया में मौका नहीं मिल सका है। उन्होंने आखिरी बार मार्च, 2025 में भारत के लिए कोई क्रिकेट मैच खेला था। यदि टेस्ट क्रिकेट की बात करें तो शमी आखिरी बार जून, 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैदान पर उतरे थे।

मो. शमी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करिअर पर एक नजर

छह नवम्बर, 2013 को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से टेस्ट करिअर की शुरुआत करने वाले दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने मो. शमी ने कुल 64 टेस्ट खेले, जिसमें 27.71 के औसत के साथ 229 विकेट निकाले। इस दौरान छह बार पारी में पांच विकेट चटकाए। इसके अलावा बल्ले से 750 रन बनाए, जिनमें दो अर्धशतक भी शामिल रहे। टेस्ट के अलावा मो. शमी ने भारत के लिए 108 एक दिनी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 206 विकेट लिए हैं जबकि 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 27 विकेट हासिल कर चुके हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular