इंडिगो ने सऊदी अरब के लिए उड़ानों की निलंबन अवधि 31 अक्टूबर तक बढ़ाई

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर। भारतीय विमानन कम्पनी इंडिगो ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबित रहने की अवधि बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रियाद के अलावा जेद्दा, दम्माम व मदीना की उड़ानें भी रद

भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर, 2026 तक रद रहेंगी जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक रद रहेंगी।’

समझा जाता है कि ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज किए जाने के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं।

उड़ानें रद करने की अवधि बढ़ाने का यह फैसला बुधवार को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद आया है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे।

अन्य विमान कम्पनियों की उड़ानें भी पहले से ही स्थगित

अन्य भारतीय विमानन कम्पनियों ने भी इससे पहले सऊदी अरब से आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन बढ़ाया था। एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए 24 अक्टूबर तक जबकि अकासा एयर ने 27 अक्टूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular