अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार- ‘अगले 30 वर्षों तक कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी’

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस को अगले 30 वर्षों तक सत्ता में लौटने का मौका नहीं मिलेगा। शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में यमुना पुनरुद्धार परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह के दौरान यह टिप्पणी की।

अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘अगले 30 वर्षों तक आपकी बारी नहीं आएगी। बूथ कार्यकर्ताओं से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक, भाजपा कार्यकर्ता लोगों से जुड़े रहते हैं और उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए अथक प्रयास करते हैं।’

शाह ने कहा, “राहुल जी, देश समझ गया है कि आप और आपके साथी ‘वोट चोरी’ के आरोपों की आड़ में अवैध घुसपैठियों के वोटों को बचाना चाहते हैं।” उन्होंने अपनी पिछली बात दोहराते हुए कांग्रेस पार्टी से कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के सत्ता में आने से पहले ही यह पुरानी पार्टी कई राज्यों में सत्ता से बाहर हो चुकी थी।

‘दिल्ली में आपके विरोध-प्रदर्शन जनता के जनादेश को नहीं बदल सकते’

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा, ‘जब अदालती फैसले आपके पक्ष में होते हैं तो आप उन्हें निष्पक्ष बताते हैं। लेकिन जब वे आपके खिलाफ जाते हैं, तो आप उन पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा, ‘ये दोहरे मापदंड नहीं चलेंगे, राहुल जी। दिल्ली में आपके विरोध-प्रदर्शन जनता के जनादेश को नहीं बदल सकते।’

कांग्रेस और केजरीवाल सरकार ने 30 वर्षों तक यमुना में सीवेज का पानी बहाया

शाह ने आगे कहा कि 30 वर्षों तक कांग्रेस और केजरीवाल सरकार ने यमुना में सीवेज का पानी बहाया। उन्होंने कहा, ‘रोजाना लगभग 2,000 टन कचरा यमुना नदी में जाता था। उनके कार्यकाल के दौरान हरियाणा से औद्योगिक कचरा और उत्तर प्रदेश से प्रदूषित पानी भी इस समस्या का कारण बना। अब, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकारें होने के कारण, हमने नदी को साफ करने के लिए एक समन्वित और समयबद्ध रोडमैप तैयार किया है। हमारा लक्ष्य 2029 तक लोगों के सामने एक साफ यमुना पेश करना है।’

‘हम सब मिलकर पीएम मोदी के ‘स्वच्छ यमुना’ का सपना पूरा करेंगे’

शाह ने दिल्ली के उप राज्यपाल (LG), रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा को भी इतने कम समय में यमुना की सफाई के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘उनके प्रयासों के नतीजे जरूर आएंगे और हम सब मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के ‘स्वच्छ यमुना’ के सपने को पूरा करेंगे।’

AAP सरकार के दौर में पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ा

अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमा पार्टी (AAP) सरकार के तहत पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ा है और लोगों ने अब एनडीए की सरकार लाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा, ‘केजरीवाल जी, बहाने काम नहीं आएंगे, नतीजे चाहिए। दिल्ली हारने के बाद आपने अपना ध्यान पंजाब की ओर लगा दिया है, जिससे वहां मुख्यमंत्री के काम में बाधा आ रही है। अगले चुनावों में AAP का सफाया हो जाएगा और हम 2029 तक पंजाब से नशीले पदार्थों के कारोबार को खत्म कर देंगे।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular