मुंबई, 22 अक्टूबर। घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार तीसरे दिन जारी रहा और गुरुवार को दोनों मानक सूचकांक उतार-चढ़ाव के बीच लाल निशान पर बंद हुए। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स 460 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 124 अंकों की कमजोरी लेकर ठहरा।
शेयर बाजार विश्लेषकों के अनुसार, पश्चिम एशिया संकट के बीच कच्चे तेल के दाम चढ़ने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। इसके अलावा, वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कम्पनियों (एफएमसीजी), बिजली और आईटी शेयरों समेत चौतरफा बिकवाली से घरेलू शेयर बाजार नुकसान में रहे।
सेंसेक्स 460.30 अंक टूटकर 73,249.39 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 460.30 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,249.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 704.58 अंक तक टूटकर 73,005.11 अंक के निचले स्तर पर आ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर मजबूत हुए तो 19 में गिरावट दर्ज की गई।
निफ्टी 123.70 अंकों की गिरावट से 22,687.65 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 123.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,687.65 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 256.5 अंक टूटकर 22,554.85 अंक पर आ गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 37 के शेयर कमजोर हुए तो 13 में मजबूती दिखी।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे ज्यादा 2.59% गिरा
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर सबसे ज्यादा 2.59 फीसदी गिरा। इटर्नल, एचडीएफसी बैंक, पावरग्रिड, ट्रेंट, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, आईटीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि., महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और लार्सन एंड टुब्रो में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
वहीं, लाभ में रहने वाले शेयरों में बजाज फाइनेंस, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मास्युटिकल्स, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और बजाज फिनसर्व शामिल रहे।
ब्रेंट क्रूड 3 प्रतिशत चढ़कर 112 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचा
इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव तीन प्रतिशत चढ़कर 112 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,022.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 1,614.32 करोड़ रुपये के शेयरों की लिवाली की।


