Kota: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, मिनी बस पुल से नीचे गिरी; 8 श्रद्धालुओं की मौत, 15 घायल

कोटा, 17 अक्टूबर। राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। भोपाल से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हादसे में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 यात्री घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

यह दुर्घटना कोटा के सिमलिया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे हुई। जानकारी के मुताबिक, मिनी बस में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। बस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर जा रही थी, तभी चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस नाले के ऊपर बने पुल से टकराकर करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

क्रेन की मदद से चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी बचाव कार्य में मदद की। घायलों को बस से बाहर निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की।

नींद की झपकी आने से हादसे की आशंका

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के अनुसार, हादसे में करीब 8 लोगों की मौत हुई है और 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बस में सवार श्रद्धालु भोपाल से खाटूश्यामजी की यात्रा पर जा रहे थे। सभी अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन एक-दूसरे को जानते थे। यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी बस में सवार था और घायल होने के बाद उसका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि रात में लगातार वाहन चलाने के कारण चालक को नींद की झपकी आई होगी, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular