नई दिल्ली, 16 अक्टूबर। कनॉट प्लेस इलाके में शुक्रवार की शाम ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा की घोषणा करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। अभिजीत तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क (CP)जा रहे थे।
घर से निकलते ही हिरासत में लिए गए दिपके
दरअसल, दिपके तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए एनसीपी प्रवक्ता अनीस गवंडे के पंचकुइंया रोड स्थित आवास से निकले ही थे कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने से पहले दिल्ली पुलिस की एक टीम अनीस गवंडे के घर जाकर दिपके को एक नोटिस दी थी और उन्हें तिरंगा मार्च न निकालने की हिदायत दी थी। नोटिस में उन्हें बता दिया गया था कि जहां वह तिरंगा मार्च निकालने जा रहे हैं, वहां पर धारा 163 लागू है और अगर वह मार्च निकालते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी काररवाई की जाएगी।
वहीं सीजेपी समर्थक कनॉट प्लेस में तिरंग लेकर जुटे हुए थे। पुलिस ने उनमें से कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। इसी क्रम में सेंट्रल पार्क के पास भारी सुरक्षा बल भी मुस्तैद है। आम आदमी पार्टी ने तिरंगा मार्च को समर्थन दिया है। वहीं अन्य छात्र संगठन भी सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं।
सेंट्रल पार्क बंद करने के NDMC के आदेश के खिलाफ याचिका पर तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार
दूसरी तरफ सुप्रीम कोर्ट ने सीजेपी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर कनॉट प्लेस में सेंट्रल पार्क को बंद करने के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के आदेश के खिलाफ याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। देश की सर्वोच्च अदालत के समक्ष इस याचिका में सेंट्रल पार्क को बंद करने के खिलाफ गुहार लगाई गई थी। कोर्ट ने कहा कि उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष समझदारी से काम लेंगे।


