CJI सूर्यकांत ने इंडी गठबंधन के नेताओं से मिलने से किया इनकार, बोले- ऐसी मीटिंग सही नहीं

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर। भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने राहुल गांधी सहित विपक्षी गठबंधन l.N.D.I.A. के नेताओं से मिलने से इनकार कर दिया है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तरफ से आए उस प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसमें उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए सोमवार को समय मांगा था।

सीजेआई सूर्यकांत ने ईमेल के जरिए दिया जवाब

सीजेआई सूर्यकांत ने राहुल गांधी के प्रस्ताव को ठुकराते हुए ईमेल के जरिए जवाब दिया। इसमें सीजेआई ने साफ किया कि ऐसा करना सही नहीं होगा क्योंकि जिन मुद्दों पर चर्चा करने की बात नेता प्रतिपक्ष कर रहे हैं। वह मामले पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं।

इसके पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस बात की जानकारी दी थी कि विपक्षी दलों ने सीजेआई सूर्यकांत से मिलने का समय मांगा है। विपक्षी दलों के इस अनुरोध का जवाब सीजेआई सूर्यकांत ने ईमेल के जरिए दिया। सूत्रों के मुताबिक इसमें सीजेआई ने साफ किया कि उन मुद्दों पर चर्चा करना सही नहीं होगा, जो पहले से ही सुप्रीम कोर्ट के समक्ष विचाराधीन हैं।

सुप्रीम कोर्ट कार्यपालिका के प्रशासनिक कामकाज में दखल नहीं दे सकता – सीजेआई

सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने इस बात का भी जिक्र किया कि संवैधानिक व्यवस्था के तहत सुप्रीम कोर्ट कार्यपालिका के प्रशासनिक कामकाज में दखल नहीं दे सकता। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि विपक्षी नेता किसी मुद्दे पर न्यायिक पक्ष के तहत सुप्रीम कोर्ट आने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अगर चाहें तो याचिका दायर कर सकते हैं। इस पर मंगलवार को एसआईआर प्रक्रिया से जुड़े मामलों के दौरान ही सुनवाई की जा सकती है।

I.N.D.I.A. ब्लॉक के नेता सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे

उल्लेखनीय है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार धरना-प्रदर्शन कर रही कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने का एलान किया है। I.N.D.I.A. ब्लॉक की तरफ से एलान किया गया है कि वे सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे और सीजेआई को ज्ञापन सौपेंगे। इस ज्ञापन में SIR को वापस लेने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।

विपक्षी दलों के नेताओं ने एक दिन पहले राष्ट्रपति मुर्मु को सौंपा था ज्ञापन

गौरतलब है कि शुक्रवार को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी गठबंधन के नेता मार्च करते हुए राष्ट्रपति भवन के सामने तक पहुंचे थे। इसके बाद 10 नेताओं ने जाकर राष्ट्रपति को इसी सिलसिले में ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राहुल गांधी ने एलान किया था कि वह सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाकर सीजेआई को भी ऐसा ही एक ज्ञापन सौपेंगे। अब सीजेआई के इनकार के बाद इसमें नया ट्विस्ट आ गया है। अंतिम समाचार मिलने तक इस पर राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं आई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular