विमान यात्री के पावर बैंक में लगी आग, दिल्ली-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

हैदराबाद, 11 अक्टूबर। निजी विमानन कम्पनी इंडिगो की दिल्ली-चेन्नई उड़ान में रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक यात्री के पावर बैंक में आग लग गई। खतरा भांपते हुए हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

इंडिगो ने एक बयान में कहा, ‘11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट 6ई- 6115 को हैदराबाद डायवर्ट किया गया क्योंकि एक यात्री के पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलते देखा गया था, जिससे फ्लाइट में मौजूद लोगों के बीच तुरंत सुरक्षा अलार्म बजने लगे। केबिन क्रू ने तुरंत काररवाई की और स्थिति को काबू में कर लिया।’

बताया जा रहा है कि पावर बैंक में खराबी के कारण ओवरहेड लगेज कंपार्टमेंट (सामान रखने की जगह) में आग लग गई। इस घटना से यात्रियों में घबराहट फैल गई। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसे एक यात्री ने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया था। इसमें यात्री अपने बैग से आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। केबिन क्रू ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल करके आग बुझाई।

इंडिगो ने इस अप्रत्याशित रुकावट पर खेद व्यक्त किया और जोर दिया कि सुरक्षा एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी प्रभावित यात्रियों को चेन्नई में उनकी मंजिल तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए तुरंत एक वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया गया और इस पूरी प्रक्रिया के दौरान उन्हें रिफ्रेशमेंट और नियमित अपडेट दिए गए।

एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हमारे ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम इसे कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिसमें रिफ्रेशमेंट देना और समय पर अपडेट देना शामिल है। इंडिगो में, हमारे ग्राहकों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’

खैर, घटना के बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही पता लगाया जा रहा है कि पावर बैंक में आग लगने की वजह क्या था और वह किस कम्पनी का था।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular