अब एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी पर भारत की निगाहें, पाकिस्तान के इनकार के बाद बांग्लादेश 6 देशीय टूर्नामेंट में शामिल

नई दिल्ली, आठ अक्टूबर। आइची-नागोया एशियाई खेलों में पिछले हफ्ते अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखने के साथ ही लॉस एंजेलिस ओलम्पिक 2028 की सीधी अर्हता पाने के बाद हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम अब एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी हॉकी में अपना दबदबा कायम रखने उतरेगी।

हॉकी इंडिया (HI) की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जालंधर व मोहाली में 27 अक्टूबर से पांच नवम्बर तक प्रस्तावित इस छह देशीय टूर्नामेंट में भारत के अलावा जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश भाग लेंगे। चूंकि पाकिस्तान ने भारत में खेलने से इनकार कर दिया था, लिहाजा उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया है।

पंजाब में दो दशक बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी

वहीं देश के हॉकी दिग्गजों का गढ़ माने जाने वाले पंजाब में लगभग दो दशक बाद इस टूर्नामेंट के जरिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी की वापसी हो रही है। भारतीय टीम की बात करें तो वह चार बार यह खिताब जीत चुकी है।

पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पाकिस्तान की भागीदारी का दावा किया था

उल्लेखनीय है कि पिछले माह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मोहाली में टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए पाकिस्तान की भागीदारी का दावा किया था। इस कार्यक्रम में हॉकी इंडिया महासचिव भोलानाथ सिंह समेत वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे। बांग्लादेश और ओमान को रिजर्व टीमों में रखा गया था।

PHF ने भारत में खेलने से इनकार के साथ तटस्थ स्थान पर आयोजन की मांग की थी

फिलहाल इसके दो दिन बाद ही पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने भारत में खेलने से इनकार करके एएचएफ से टूर्नामेंट तटस्थ स्थान पर कराने की मांग की थी। मुंबई में 2008 के आतंकी हमले के बाद से भारत व पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय हॉकी नहीं खेली गई है।

पाकिस्तान ने आखिरी बार भारत में 2023 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी खेली थी

पाकिस्तान ने आखिरी बार भारत में 2023 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी खेली थी, जिसमें छह टीमों में वह पांचवें स्थान पर रहा था। पिछले वर्ष भारत में हुए एशिया कप और जूनियर एशिया कप में भी पाकिस्तान ने भाग नहीं लिया था। वहीं भारतीय हॉकी टीम ने आखिरी बार 2006 में पाकिस्तान में सीरीज खेली थी।

कोच फुल्टन बोले – हमें एशियाई खेलों वाली लय कायम रखनी होगी

इस बीच एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी को लेकर भारत के मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, ‘एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना विशेष उपलब्धि थी, लेकिन अब वह बीती बात है और फोकस हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी पर है। हमें उसी लय को कायम रखना होगा।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular