नई दिल्ली, 27 सितम्बर। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को उस वक्त राजनीतिक माहौल गर्मा उठा, जब दिल्ली सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने इलाके में जारी सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने जहां प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग उठा दी है वहीं कांग्रेस भी आक्रामक हो उठी है।
स्थानीय AAP विधायक जनरैल सिंह व प्रवेश वर्मा के बीच तीखी बहस
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवेश वर्मा जब सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे, तभी वहां AAP के स्थानीय विधायक जरनैल सिंह भी पहुंच गए। सड़क की हालत और काम की घटिया गुणवत्ता को लेकर विधायक ने मंत्री से तीखे सवाल पूछना शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया।
वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को मारा थप्पड़
इसी दौरान वहां खड़ा एक युवक अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि अपने खिलाफ उठते सवालों और वीडियो बनते देख मंत्री प्रवेश वर्मा खुद पर काबू नहीं रख सके। उन्होंने गुस्से में आकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक जनरैल सिंह की सोशल मीडिया से जुड़ी गतिविधियां संभालता है युवक
पीड़ित ने घटनाक्रम के बारे में बताया, ‘मैं विधायक की सोशल मीडिया से जुड़ी सभी गतिविधियां संभालता हूं। PWD ने हमें सड़क की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए बुलाया था। जब मैंने मंत्री को दिखाया कि सड़क की सतह टूट रही है तो वह इसे बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने मुझ पर हाथ उठा दिया। उनके साथ मौजूद लोगों ने मुझे जान से मारने की धमकी भी दी।’
मंत्री को गिरफ्तार करो।
मैं कल यहाँ जाऊँगा। https://t.co/ER3whnWMnA
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 27, 2026
मंत्री के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई
पीड़ित ने आगे कहा, ‘पुलिसकर्मी वहीं मौजूद थे और यह पूरी घटना उनके सामने हुई। मंत्री को माफी मांगनी चाहिए और निलंबन सहित जो भी अनुशासनात्मक काररवाई जरूरी है, वह की जानी चाहिए। हम सिर्फ आरोप नहीं लगा रहे हैं बल्कि पूरी घटना का वीडियो सबूत मौजूद है। काररवाई होनी चाहिए। हमने विकासपुरी थाने में FIR दर्ज करा दी है और आगे भी कानूनी काररवाई जारी रखेंगे।’
जनरैल ने मंत्री पर खुलेआम गुंडागर्दी का लगाया आरोप
वहीं घटना के बाद ‘आप’ विधायक जरनैल सिंह ने भाजपा सरकार और मंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री सड़क देखने आए थे, लेकिन जब काम में चल रहे घोटाले उजागर होने लगे तो वे अपना आपा खो बैठे। विधायक ने मंत्री पर खुलेआम गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सच छिपाने के लिए उनके साथी पर हाथ उठाया गया है।
सत्ता का नशा भाजपा नेताओं के सर चढ़ कर बोल रहा है- दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहब सिंह वर्मा ने इलाके के दौरे के दौरान सवाल पूछने पर एक युवा को थप्पड़ मारा- जल्द समय आएगा जब यही जनता पलट कर ठीक ऐसे ही जवाब देगी – तब ऊपर से नीचे तक सब झोला उठा कर भाग खड़े होंगे.#Delhi… pic.twitter.com/lyi6C7P5Ej
— Alka Lamba 🇮🇳 (@LambaAlka) September 27, 2026
सत्ता का नशा भाजपा नेताओं के सर चढ़ कर बोल रहा – अलका लांबा
उधर अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने भी दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘सत्ता का नशा भाजपा नेताओं के सर चढ़ कर बोल रहा है – दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहब सिंह वर्मा ने इलाके के दौरे के दौरान सवाल पूछने पर एक युवा को थप्पड़ मारा – जल्द समय आएगा, जब यही जनता पलट कर ठीक ऐसे ही जवाब देगी – तब ऊपर से नीचे तक सब झोला उठा कर भाग खड़े होंगे।’


