लखनऊ, 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। प्रदेश सरकार ने 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए 14 जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात किए हैं। हरदोई, मुरादाबाद, एटा, अमेठी, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में डीएम बदले गए हैं। तबादले में कई जिलाधिकारियों को शासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं, कुछ अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में नई जिम्मेदारी मिली है।
इन जिलों को मिले नए डीएम
अनुनय झा को हरदोई के डीएम पद से हटाकर मुरादाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, विशेष सचिव राज्य कर राहुल पांडेय को हरदोई का नया डीएम नियुक्त किया गया है। आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक एम. अरुणमोली को एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। अमेठी के डीएम संजय चौहान को कुशीनगर और कुशीनगर के डीएम महेंद्र सिंह तंवर को कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक को संतकबीरनगर का डीएम बनाया गया है। संतकबीरनगर के जिलाधिकारी आलोक कुमार अब पीलीभीत की जिम्मेदारी संभालेंगे। पीलीभीत के डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इन्वेस्ट यूपी और यूपीीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शशांक चौधरी को अमेठी का जिलाधिकारी बनाया गया है। नगर आयुक्त मुरादाबाद दिव्यांशु पटेल को बागपत का डीएम नियुक्त किया गया है। प्रभास कुमार को महोबा का जिलाधिकारी बनाया गया है। वह नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति के विशेष सचिव तथा उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के संयुक्त प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर में भी नए डीएम
विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण उमेश प्रताप सिंह को बिजनौर का जिलाधिकारी बनाया गया है। विशेष सचिव नगर विकास सत्य प्रकाश पटेल को हाथरस और विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन अशोक कुमार को हमीरपुर का डीएम नियुक्त किया गया है।
कई डीएम को मिली नई जिम्मेदारी
बिजनौर की जिलाधिकारी जसजीत कौर को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन बनाया गया है। कानपुर नगर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी नेहा बंधु को अपर आयुक्त, विकसित भारत रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन बनाया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक हिमांशु कौशिक को नगर आयुक्त, नगर निगम मुरादाबाद नियुक्त किया गया है।
बागपत, हमीरपुर और बलिया के डीएम भी बदले
बागपत की जिलाधिकारी अस्मिता लाल को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण, निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रबंध निदेशक पिछड़ा वर्ग कल्याण निगम की जिम्मेदारी दी गई है। हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक बनाया गया है। वहीं, बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लिमिटेड नियुक्त किया गया है। अपर आयुक्त मनरेगा अमनदीप डुली को नियंत्रक, विधिक बाट-माप बनाया गया है।
एटा, मुरादाबाद और हाथरस के डीएम शासन में
एटा के जिलाधिकारी अरविंद सिंह को विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद बनाया गया है। मुरादाबाद के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया को विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार और हाथरस के जिलाधिकारी अतुल वत्स को विशेष सचिव, राजस्व की जिम्मेदारी दी गई है। विशेष सचिव उच्च शिक्षा निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, राज्य कर बनाया गया है। विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन चंद्र शेखर को विशेष सचिव, परती भूमि विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
विकास प्राधिकरणों में भी बड़े बदलाव
मुख्य राजस्व अधिकारी देवरिया विजय कुमार सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, मिर्जापुर बनाया गया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सहारनपुर संतोष बहादुर सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, मैनपुरी नियुक्त किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी मिर्जापुर विशाल कुमार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण बनाया गया है। विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा महाप्रबंधक यूपी डेस्को विजय कुमार को उपाध्यक्ष, आगरा विकास प्राधिकरण एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक, आगरा बनाया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यूपीीडा नियुक्त किया गया है।
महोबा की जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी और रामपुर के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नितिन मदान को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी दी गई है।


