सीएम योगी ने पंचायत सहायकों को दीं कई सौगातें : मानदेय में 3 हजार रुपये की बढ़ोतरी, दर्ज मुकदमे भी वापस होंगे

लखनऊ, 16 सितम्बर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पंचायत सहायकों को एक साथ कई सौगातें दीं। इस क्रम में पंचायत सहायकों के मानदेय में जहां तीन हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है वहीं अब सहायकों को प्रधान या सचिव नहीं हटा सकेंगे। इसी क्रम में आंदोलन के दौरान उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे भी वापस होंगे।

सेवा सुरक्षा, कैशलेस उपचार और महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश

उल्लेखनीय है कि अभी पंचायत सहायकों को छह हजार रुपये प्रतिमाह मिलते हैं, जिसे बढ़ाकर नौ हजार रुपये किया जाएगा। इस तरह मानदेय में 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही पंचायत सहायकों को सेवा सुरक्षा, कैशलेस उपचार और महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा भी मिलेगी।

पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दी जानकारी

दरअसल, पंचायत सहायकों की मांगों को लेकर सीएम योगी से वार्ता के बाद पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पंचायत सहायकों के प्रतिनिधियों को बुलाकर उनसे बातचीत की। इसके बाद प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंचायत सहायकों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी दी।

9000 रुपये का मानदेय सीधे बैंक खातों में भेजा जाएगा

अभी पंचायत सहायकों का मानदेय राज्य वित्त आयोग की धनराशि से दिया जाता है। अब कैबिनेट से स्वीकृति लेकर डीबीटी की व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके बाद नौ हजार रुपये का मानदेय सीधे पंचायत सहायकों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। इसका लाभ प्रदेश के 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों को मिलेगा।

प्रधान-सचिव अब पंचायत सहायकों को नहीं हटा सकेंगे

पंचायत सहायकों की सेवा सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। अब ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव अपने स्तर से पंचायत सहायकों को नहीं हटा सकेंगे। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी। किसी पंचायत सहायक को हटाने का फैसला यही कमेटी कर सकेगी।

आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे होंगे वापस

इसी क्रम में आंदोलन के दौरान जिन पंचायत सहायकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। इस दौरान काररवाई कर जिन पंचायत सहायकों को हटाया गया है, उन्हें दोबारा बहाल किया जाएगा। महिला पंचायत सहायकों को मातृत्व अवकाश की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पंचायत सहायकों को उपचार के लिए कैशलेस सुविधा का लाभ भी दिया जाएगा।

मंत्री से वार्ता के बाद धरना समाप्त

इस बीच अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रतिनिधियों से पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर की बातचीत और सीएम योगी के स्तर पर लिए गए फैसलों की जानकारी मिलने के बाद पंचायत सहायकों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular