शेयर बाजार में मिला-जुला रुख, सेंसेक्स 114 अंक चढ़ा, निफ्टी 40 अंक कमजोर

मुंबई, 13 अगस्त। कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के बीच घरेलू निवेशकों ने सतर्क रुख बनाए रखा। परिणामस्वरूप गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में मिला-जुला परिणाम देखने को मिला। इस क्रम में कारोबार के दौरान दिनभर उतार-चढ़ाव के बाद मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 114 अंक चढ़कर जहां फिर 78,000 के पार बंद हुआ वहीं एनएसई निफ्टी 40 अंकों की कमजोरी से 24,400 से नीचे चला आया।

दिलचस्प यह रहा कि सेंसेक्स अंतिम कुछ मिनटों में लगभग 170 अंकों की छलांग से बढ़त पर बंद हुए जबकि निफ्टी उसी अवधिन में लगभग 40 अंकों के लाभ के बावजूद हरे निशान पर नहीं जा सका। इस प्रकार निफ्टी ने लगातार तीसरे दिन गिरावट देखी।

सेंसेक्स 78,079.96 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 113.61 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,079.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 78,119.39 पर दिन का उच्चतम स्तर बनाया और नीचे में 77,665.89 अंक तक गिरा। इस तरह कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 453.5 अंकों का उतार-चढ़ाव रहा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 11 में कमजोरी रही।

निफ्टी 24,395.85 अंक पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 40.10 अंक यानी 0.16 प्रतिशत टूटकर 24,395.85 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 28 के स्टॉक चढ़कर बंद हुए तो 22 लाल निशान पर रुके।

इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे ज्यादा 2.86 फीसदी चढ़े

सेसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में इंटरग्लोब एविएशन के शेयर सबसे ज्यादा 2.86 फीसदी चढ़े। एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटर्नल के शेयर भी लाभ में रहे। दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और इन्फोसिस शामिल हैं।

एफआईआई ने 1,002.50 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,002.50 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.44 प्रतिशत टूटकर 87.70 डॉलर प्रति बैरल रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular