नांदेड़ (महाराष्ट्र), 13 अगस्त। शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में हमला हुआ, जब एक निहंग ने उनके पेट में कृपाण घोंपने की कोशिश की। घटना के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए निकटतम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
सुखबीर के दायें हाथ में चोट, हमलावर गिरफ्तार
प्रात जानकारी के अनुसार सुखबीर सिंह बादल परिवार के साथ नांदेड़ के पास गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने गए थे। तभी एक निहंग ने धारदार हथियार (जिसे कृपाण बताया जा रहा है) से हमला किया। हमले में सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोट आई और उन्हें एक प्राइवेट यशोसाई हॉस्पिटल ले जाया गया।
हमले के समय बादल की पत्नी और अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल भी उनके साथ थीं। हमले के बाद के एक वीडियो में बादल को अपने दाएं हाथ पर केसरिया कपड़ा लपेटे हुए चलते देखा गया। घटना के तुरंत बाद हमलावर को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। सुरक्षा कर्मियों ने बादल की सुरक्षा और कड़ी कर दी है।
नांदेड़ के डीएम राहुल कर्डिले ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल पर्सनल विजिट पर गुरुद्वारे आए हुए थे और उन्हें तय समय के हिसाब से पूरी सिक्योरिटी दी गई थी। इसी दौरान अचानक एक शख्स गुरुद्वारा परिसर में घुसा और उन पर हमला कर दिया। उन्हें हल्की चोटें आईं। बादल को बचाने आए पुलिस इंस्पेक्टर को भी हल्की चोटें आईं।
2 वर्ष पहले स्वर्ण मंदिर के बाहर भी हो चुका है जानलेवा हमला
वस्तुतः यह पहली बार नहीं है, जब बादल पर हमला किया गया। इसके पूर्व चार दिसम्बर, 2024 को अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के बाहर भी एक जानलेवा हमला (गोली चलाने का प्रयास) हुआ था। उस दौरान भी वह बाल-बाल बचे थे।
सीएम फडणवीस ने घटना की जांच के दिए आदेश
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने SAD प्रमुख सुखबीर बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं। फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से इस घटना के बारे में जानकारी मांगी। मुख्यमंत्री ने हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। CMO सूत्रों के मुताबिक बादल की हालत स्थिर बताई जा रही है।

