नई दिल्ली, 27 जून। NEET-UG पेपर लीक से उभरा विवाद पुनर्परीक्षा के साथ शांत हो ही रहा था कि अब महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHA TET) का प्रश्नपत्र लीक हो गया है। इस घटना के बाद 28 जून को होने वाली शिक्षा पात्रता परीक्षा अब स्थगित कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भिवंडी में कुछ लोगों के पास प्रश्नपत्र से मिलते-जुलते सवाल थे। मामले में पुलिस केस दर्ज कर लिया गया है और पूरी जांच होने तक परीक्षा स्थगित कर दी गई है।
महाराष्ट्र टीईटी से 1.08 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र टीईटी से 1.08 लाख अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। फिलहाल शिक्षा विभाग परीक्षा की ओर से परीक्षा स्थगित करने का एलान किया गया है। वहीं परीक्षा की नई तारीख की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि नीट के पेपर लीक होने के बाद देशभर में हंगामा मचा हुआ था। इस बीच टीईटी का पेपर लीक होने की घटना ने शिक्षा विभाग की खराब कार्यप्रणाली को एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है।
भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
नीट 2026 में हुई गड़बड़ियों को ध्यान में रखते हुए, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए थे। लेकिन शनिवार की सुबह गुप्त जानकारी के आधार पर भिवंडी पुलिस ने सदर इलाके में छापेमारी की। जानकारी मिली थी कि भिवंडी में प्रश्न-पत्र में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही परीक्षा परिषद के अधिकारियों की मौजूदगी में पेपर लीक की पड़ताल की गई। संदिग्धों के पास मिले प्रश्न पत्र, टीईटी पेपर से हूबहू मैच हुए थे। इस मामले में भिवंडी पुलिस स्टेशन ने केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
राज्यभर के 1,428 केंद्रों पर रविवार को यह परीक्षा होने वाली थी। कुल रजिस्टर्ड उम्मीदवारों में से 2,26,263 ऐसे शिक्षक थे, जो पहले से नौकरी कर रहे थे और जरूरी टीईटी क्वालिफिकेशन हासिल करने के लिए परीक्षा दे रहे थे जबकि बाकी उम्मीदवार शिक्षक बनने के इच्छुक थे।
