झारखंड में राज्यसभा चुनाव में खेला : कम संख्या के बावजूद NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी जीते

रांची, 18 जून। झारखंड में राज्यसभा चुनाव में बड़ा खेला हो गया, जब विधायकों की कम संख्या के बावजूद NDA समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी ने जीत हासिल कर ली। नथवानी की जीत के बाद विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

दूसरी सीट पर JMM प्रत्याशी बैद्यनाथ राम की जीत तय

राज्यसभा चुनाव में कुल तीन वोट रद हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि इसमें दो वोट भाजपा समर्थित प्रत्याशी को दिया गया था, जबकि एक वोट कांग्रेस प्रत्याशी को दिया गया था। किस पार्टी के विधायक का वोट रद हुआ, फिलहाल जानकारी सामने नहीं आ सकी। वहीं दूसरी सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

NDA के पास सिर्फ 24 विधायक, नथवानी को मिले 32 वोट

दरअसल, 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत थी। परिमल नथवानी को 32 वोट मिले, हालांकि इनमें से दो वोट अमान्य घोषित कर दिए गए। NDA के पास विधानसभा में केवल 24 विधायक हैं (कुछ रिपोर्टों में समर्थक विधायकों को जोड़कर 28 तक का आंकड़ा बताया गया है)। वहीं झारखंड I.N.D.I.A. ब्लॉक के पास 56 विधायक हैं। ऐसे में नथवानी की जीत ने साफ संकेत दिया कि उन्हें विपक्षी खेमे से भी समर्थन मिला।

कांग्रेस उम्मीदवार को झटका

कथित क्रास वोटिंग में कांग्रेस उम्मीदवार प्रवण झा को हार का सामना करना पड़ा। उनकी हार के बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि इंडी गठबंधन के कुछ विधायक, खासकर RJD और वाम दलों के कुछ सदस्यों ने नथवानी के पक्ष में मतदान किया। हालांकि अब तक किसी दल ने आधिकारिक तौर पर क्रॉस वोटिंग की पुष्टि नहीं की है।

परिमल ने जीत को बताया विनम्रता का क्षण

फिलहाल परिमल नथवानी ने जीत के बाद इसे गर्व और विनम्रता का क्षण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि झारखंड उनकी ‘कर्मभूमि’ है और इसी राज्य से उनकी संसदीय यात्रा 2008 में शुरू हुई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा नेतृत्व और NDA का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन सभी विधायकों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उनके पक्ष में मतदान किया। नथवानी ने कहा कि वह आगे भी झारखंड और यहां के लोगों के हितों के लिए काम करते रहेंगे।

देश के जाने-माने उद्योगपति परिमल नथवानी

परिमल नथवानी देश के जाने-माने उद्योगपति हैं। वह पहली बार 2008 में झारखंड से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा पहुंचे थे। इसके बाद 2014 में उन्होंने दूसरी बार भी झारखंड से राज्यसभा चुनाव जीता। वर्ष 2020 में नथवानी युवजन श्रमिका रायथू कांग्रेस पार्टी (YSRCP) में शामिल हुए और आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद बने। अब एक बार फिर झारखंड से राज्यसभा पहुंचकर उन्होंने अपनी राजनीतिक वापसी दर्ज कराई है। उनकी जीत ने न सिर्फ कांग्रेस को झटका दिया है बल्कि इंडी गठबंधन की एकजुटता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular