मुंबई, 16 जून। अमेरिका व ईरान के बीच समझौते की घोषणा के साथ ही वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख व कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन हरियाली दिखी और मंगलवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी बढ़त लेकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स ने जहां 544 अंकों की मजबूती हासिल की वहीं एनएसई निफ्टी 135 अंकों की बढ़त से 24,000 के निकट जा पहुंचा।
सेंसेक्स 544.15 अंक चढ़कर 76,808.48 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत चढ़कर 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने एक समय 582.41 अंकों की बढ़त से 76,846.74 पर दिन का हाई बनाया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 21 के स्टॉक लाभ में रहे और नौ में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 135.25 अंकों की बढ़त से 23,989.15 पर बंद
दूसरी तरफ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने एक समय 148.7 अंक चढ़कर 24 हजार के पार 24,002.60 अंक तक चला गया था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 21 में गिरावट दर्ज की गई।
एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.59 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एचसीएल टेक के स्टॉक सबसे ज्यादा 3.59 फीसदी चढ़े। बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फाइनेंस के शेयरों में भी प्रमुख रूप से तेजी रही। इसके विपरीत इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
एफआईआई ने 200.05 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 200.05 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की। वहीं अमेरिका-ईरान समझौते की घोषणा के बाद वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड लगभग दो प्रतिशत गिरकर 81.45 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

