1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का राहुल गांधी पर पलटवार बोले – ‘इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी’
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का राहुल गांधी पर पलटवार बोले – ‘इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी’

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का राहुल गांधी पर पलटवार बोले – ‘इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी’

0
Social Share

नई दिल्ली, 20 मई। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘गद्दार’ वाली अमर्यादित टिप्पणी पर पलटवार किया है। नितिन नवीन ने राहुल गांधी के बयान को न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया वरन उन्हें अराजकतावादी मानसिकता वाला बता दिया और कहा कि उन्हें व उनकी पार्टी को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।

यह बयान राहुल की ‘अराजकतावादी मानसिकता’ दिखाता है

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘राहुल गांधी का आज का बयान बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और कहीं न कहीं उनकी अराजकतावादी मानसिकता को दिखाता है।..भारतीय राजनीति में जहां शुचिता, समाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की प्रक्रिया है, उसमें उनका यह बयान काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। लगातार हो रही हार, निराशा, उनके (राहुल गांधी) स्वभाव और चरित्र में दिख रहा है और इसी हताशा व निराशा में उनके इस तरह के शब्दों वाले बयान आ रहे हैं।’

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने आज ही अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में एक सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार व भाजपा पर कड़े प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘गद्दार’ तक कह डाला

राहुल गांधी की अमर्यादित टिप्पणी : रायबरेली में पीएम मोदी और गृह मंत्री को ‘गद्दार’ कहा

 

‘राहुल के पूर्वजों ने देश की जमीर-जमीन गिरवी रखी’

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ‘राहुल गांधी के पूर्वजों ने इस देश की जमीर और जमीन को हमेशा गिरवी रखने का काम किया। कभी देश के सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने का काम नहीं किया।’ उन्होंने राहुल गांधी से पूछा, ‘क्या नक्सलवाद खत्म करना गद्दारी है? क्या इस देश की जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है? क्या इस देश के तिरंगे का सम्मान पूरे विश्व में कराना गद्दारी है?’

नितिन ने राहुल को भारतीय राजनीति का ‘राहु’ करार दिया

नितिन नवीन ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, ‘भारतीय राजनीति के आप राहु हैं, जो देश की राजनीति को गंदा और दूषित करते हैं। राहुल गांधी… आपने सिर्फ नरेंद्र मोदी का नहीं, देश की 140 करोड़ जनता का अपमान किया है। शायद आप पुरानी चीजों से सबक नहीं सीखते हैं…आने वाले समय में भी आपको इस दुर्भाग्यपूर्ण बयान के लिए बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code