1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : अभिषेक-क्लासेन के तूफानी पचासों के बाद मलिंगा-रेड्डी ने CSK को फंसाया, SRH की तीसरी जीत
आईपीएल-19 : अभिषेक-क्लासेन के तूफानी पचासों के बाद मलिंगा-रेड्डी ने CSK को फंसाया, SRH की तीसरी जीत

आईपीएल-19 : अभिषेक-क्लासेन के तूफानी पचासों के बाद मलिंगा-रेड्डी ने CSK को फंसाया, SRH की तीसरी जीत

0
Social Share

हैदराबाद, 18 अप्रैल। ओपनर अभिषेक शर्मा (59 रन, 22 गेंद, चार छक्के, छह चौके) व हेनरिच क्लासेन (59 रन, 39 गेंद, दो छक्के, छह चौके) के तूफानी अर्धशतकीय प्रहारों के बाद पेसरद्वय ईशान मलिंगा (3-29) व नीतीश कुमार रेड्डी (2-31) सहित अन्य गेंदबाजों ने पांच बार के पूर्व चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बल्लेबाजों को फंसा कर रख दिया। नतीजा यह रहा कि सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने शनिवार की रात यहां अंतिम ओवर तक खिंचे टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) मैच में 10 रनों की जीत हासिल कर ली।

उप्पल स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य हैदराबादी टीम अभिषेक व क्लासेन की विस्फोटक पारियों के बावजूद नौ विकेट पर 194 रनों तक जाकर ठहर गई क्योंकि अंशुल कम्बोज (3-22), जैमी ओवर्टन (3-37) व मुकेश चौधरी (2-21) ने अन्य बल्लेबाजों को सस्ते में समेट दिया। जवाब में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मलिंगा व नीतीश एंड कम्पनी ने सीएसके को आठ विकेट पर 184 के स्कोर तक जाते-जाते रोक दिया।

तीसरी जीत के साथ एसआरएच चौथे स्थान पर

ईशान किशन की अगुआई में उतरे एसआरएच की यह छह मैचों में तीसरी जीत थी और हैदराबादी टीम अब छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर जा पहुंची हैं। हालांकि दिन में आरसीबी को एक गेंद के शेष रहते छह विकेट से हराने के बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीम गुजरात टाइटंस को पछाड़ चौथे स्थान पर पहुंच गई थी। लेकिन अब ये दोनों टीमें बराबर छह-छह अंकों के बावजूद क्रमशः पांचवें व छठे स्थान पर हैं। वहीं पिछले लगतार दो मैचों में जीत हासिल करने वाली ऋतुराज गायकवाड़ एंड कम्पनी की छह मैचों में यह चौथी पराजय थी और अब वह चार अंकों के साथ सातवें स्थान पर है।

स्कोर कार्ड

सीएसके की पारी में एक भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान सत्र के पहले शतकीय प्रहार पर अपना नाम लिखाने वाले धाकड़ बल्लेबाज संजू सैमसन (सात रन, एक छक्का) को रेड्डी ने दूसरे ही ओवर में मायूस कर दिया। उसके बाद रन गति तो ठीक थी और पावर प्ले की समाप्ति पर एसआरएच से एक रन ज्यादा यानी 76 रन भी बोर्ड पर टंग गए थे।

गायकवाड़ व आयुष के बीच 51 रनों की साझेदारी

लेकिन गायकवाड़ (19 रन, 13 गेंद, तीन चौके) संग 51 रनों की साझेदारी करने वाले आयुष म्हात्रे (30 रन, 13 गेंद, एक छक्का, पांच चौके) जहां हैमस्ट्रिंग की चोट से ठहर गए वहीं सर्वोच्च स्कोरर मैथ्यू शॉर्ट (34 रन, 30 गेंद, तीन चौके) व सरफराज खान (25 रन, 19 गेंद, तीन चौके) भी अपनी पारियों को विस्तार नहीं दे सके।

इसके बाद शिवम दुबे (21 रन, 16 गेंद, एक छक्का, एक चौका), जैमी ओवर्टन (16 रन, 15 गेंद, एक चौका) व अंशुल कम्बोज (नाबाद 13 रन, आठ गेंद, एक छक्का) के प्रयासों से भी टीम लक्ष्य से 11 रन दूर ही रह गई। मलिंगा व रेड्डी के अलावा शिवांग कुमार, साकिब हुसैन व प्रफुल्ल हिंगे ने आपस में तीन विकेट बांटे।

अभिषेक व ट्रैविस हेड ने 35 गेंदों पर ठोक दिए 75 रन

इसके पूर्व एसआरएच की पारी में 15 गेंदों पर पचासा जड़ने वाले अभिषेक ने ट्रैविस हेड (23 रन, 20 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) संग 35 गेंदों पर ही 75 रन ठोक दिए। लेकिन तभी चौधरी ने लगातार गेंदों पर हेड व ईशान किशन (शून्य) को लौटा दिया। फिर अभिषेक भी ज्यादा दूर नहीं गए और ओवर्टन के पहले शिकार बन गए।

तीसरे अर्धशतक की मदद से ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड बन बैठे क्लासेन

हालांकि इसके बाद क्लासेन ने मोर्चा संभाला और दूसरे साथी बल्लेबाजों की मौजूदगी में स्कोर बढ़ाते रहे। इसी क्रम में वह 32 गेंदों पर सत्र के तीसरे अर्धशतक की मदद से ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड बन बैठे। अंततः 18वें ओवर में कम्बोज ने उन्हें छठे बल्लेबाज के रूप में लौटाया तो बोर्ड पर 177 रन थे। अंत में सलिल अरोड़ा (13 रन, 12 गेंद, दो चौके) व शिवांग कुमार (12 रन, आठ गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने टीम को 194 रनों तक पहुंचाया, जो बाद में पर्याप्त साबित हुआ।

रविवार के मैच : कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स (कोलकाता, अपराह्न 3.30 बजे), पंजाब किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स (न्यू चंडीगढ़, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code