कच्चे तेल में उछाल से शेयर बाजार फिर धड़ाम, सेंसेक्स 1837 अंक टूटा, निफ्टी 22500 के करीब
मुंबई, 23 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख से भारतीय शेयर बाजार फिर धड़ाम नजर आया। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 1,837 अंक टूटने के साथ जहां 72,700 के नीचे फिसल गया वहीं एनएसई निफ्टी 602 अंकों की कमजोरी से 22,500 के निकट जा खिसका।
देखा जाए तो गत 28 फरवरी से शुरू हुआ इजराइल-अमेरिका बनाम ईरान युद्ध अब चौथे सप्ताह में पहुंच चुका है। इसके कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर पूंजी निकासी और रुपये की विनिमय दर में गिरावट को देखते हुए निवेशक जोखिम लेने से बच रहे हैं। वस्तुतः संघर्ष शुरू होने के बाद से बीएसई सेंसेक्स 8,590.8 अंक यानी 10.56 प्रतिशत नीचे आया है जबकि निफ्टी 2,666 अंक यानी 10.58 प्रतिशत टूटा है।
सेंसेक्स 2.46 प्रतिशत टूटकर 72,696.39 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,836.57 अंक यानी 2.46 प्रतिशत टूटकर 72,696.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,974.52 अंक का गोता लगाकर 72,558.44 अंक पर आ गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 26 के शेयर लाल निशान पर रुके और सिर्फ चार में मजबूती दिखी।
निफ्टी 601.85 अंक लुढ़ककर 22,512.65 पर बंद
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 601.85 अंक यानी 2.60 प्रतिशत लुढ़ककर 22,512.65 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में सिर्फ चार के शेयर लाभ में रहे और 46 में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार देखें तो मझोली कम्पनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 3.82 प्रतिशत टूटा जबकि छोटी कम्पनियों का स्मॉलकैप 3.66 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
निवेशकों को 14 लाख करोड़ रुपये का नुकसान
चौतरफा बिकवाली के बीच बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप एक ही सत्र में घटकर 4,15,11,534.52 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले कारोबारी सत्र में 4,29,11,487.59 करोड़ रुपये था। इस तरह बीएसई में लिस्टेड कम्पनियों का मार्केट कैप सोमवार को 13,99,953.07 रुपये या 14 लाख करोड़ रुपये घटा। दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों को करीब 14 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
टाइटन के स्टॉक सबसे अधिक 6.24 प्रतिशत गिरे
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाइटन के स्टॉक सबसे अधिक 6.24 प्रतिशत गिरे। इसके अलावा ट्रेंट, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक भी प्रमुख रूप से नुकसान में रह। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में एचसीएल टेक, पावर ग्रिड, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा शामिल हैं।
ब्रेंट क्रूड 0.97 प्रतिशत चढ़कर 113.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.97 प्रतिशत चढ़कर 113.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच कर गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,518.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,706.23 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एफआईआई ने इस माह अब तक लगभग 9.6 अरब अमेरिकी डॉलर निकाले
विदेशी निवेशकों ने इस माह अब तक भारतीय शेयर बाजार से 88,180 करोड़ रुपये (लगभग 9.6 अरब अमेरिकी डॉलर) निकाले हैं।
