1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC अंडर-19 विश्व कप : भारत लगातार छठी बार फाइनल में, अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत में एरोन जॉर्ज का शतक
ICC अंडर-19 विश्व कप : भारत लगातार छठी बार फाइनल में, अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत में एरोन जॉर्ज का शतक

ICC अंडर-19 विश्व कप : भारत लगातार छठी बार फाइनल में, अफगानिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत में एरोन जॉर्ज का शतक

0
Social Share

हरारे, 4 फरवरी। ओपनर एरोन जॉर्ज (115 रन, 104 गेंद, दो छक्के, 15 चौके) के शानदार शतकीय प्रहार के साथ विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (68 रन, 33 गेंद, चार छक्के, नौ चौके) व आयुष म्हात्रे (62 रन, 59 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) की धमाकेदार अर्धशतकीय पारियों की मदद से भारत ने बुधवार को यहां 53 गेंदों के शेष रहते अफगानिस्तान को सात विकेट से पस्त कर ICC अंडर-19 विश्व कप के 16वें संस्करण के फाइनल में जगह बना ली।

फाइनल में शुक्रवार को इंग्लैंड से होगी टक्कर

पांच बार के पूर्व चैम्पियन भारत ने लगातार छठी और कुल 10वीं बार फाइनल में जगह बनाई है। अब शुक्रवार को उसकी खिताबी टक्कर इंग्लैंड से होगी, जिसने मंगलवार को पहले सेमीफाइनल में गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को 27 रनों से मात दी थी।

फैजल व उजैरुल्लाह के शतकीय प्रहारों से 310 रनों तक पहुंचा अफगानिस्तान

हरारे स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर पहले बल्लेबाजी करने उतरे अफगानिस्तान ने फैजल शिनोजादा (110 रन, 93 गेंद, 15 चौके) और उजैरुल्लाह नियाजई (नाबाद 101 रन, 86 गेंद, दो छक्के, 12 चौके) की धुआंधार शतकीय पारियों की मदद से चार विकेट पर 310 रन बनाए।

भारत ने विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा किया

जवाबी काररवाई के दौरान भारत ने अंडर-19 विश्व कप में अब तक के सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा किया और 41.1 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 311 रन बना लिए। अब तक सबसे सफल रन चेज का पिछला रिकॉर्ड 305 रनों का था, जो 2006 में न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ बनाया था।

जॉर्ज की वैभव, आयुष व विहान संग बड़ी भागीदारियां

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ एरोन ने सलामी जोड़ीदार सूर्यवंशी संग सिर्फ 57 गेंदों पर 90 रन ठोक दिए। सूर्यवंशी को नूरिस्तानी ओमरजई (2-64) ने दसवें ओवर में लौटाया तो जार्ज व कप्तान आयुष के बीच 102 गेंदों पर 114 रनों की एक और मजबूत साझेदारी आ गई। ओमरजई ने ही 27वें ओवर में आयुष को भी आउट कर यह भागीदारी तोड़ी।

दूसरे छोर पर जमे एरोन जॉर्ज को अब विहान मल्होत्रा (नाबाद 38 रन, 47 गेंद, तीन चौके) का साथ मिला। दोनों ने 80 गेंदों पर 96 रनों की साझेदारी से स्कोर 40वें ओवर में ही 300 रनों तक पहुंचा दिया। 95 गेंदों पर शतक जड़ने वाले जॉर्ज हालांकि विजय लक्ष्य से 10 रन पहले वहिदुल्ला जादरान (1-67) के शिकार हो गए, लेकिन विहान व वेदांत त्रिवेदी (नाबाद पांच रन) ने अगली 10 गेंदों  के भीतर भारत को मंजिल दी।

स्कोर कार्ड

इससे पहले अफगानिस्तान की पारी में भारतीय गेंदबाज नियमित अंतराल पर विकेट झटकने में संघर्ष करते दिखे। ओस्मान सादात (39 रन, 70 गेंद, तीन चौके) खालिद अहमदजई (31 रन, 39 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने पहले विकेट पर 53 रनों की धीमी साझेदारी की। दीपेश देवेंद्रन (2-64) ने 13वें ओवर में खालिद को लौटाया तो तीसरे क्रम पर उतरे फैजल ने ओस्मान संग 64 रनों की साझेदारी से स्कोर 117 रनों तक पहुंचा दिया। 25वें ओवर में कनिष्क चौहान (2-55) ने ओस्मान को दीपेश से कैच कराया।

फैजल व उजैरुल्लाह के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की भागीदारी

हालांकि इसके बाद भारतीय गेंदबाजों को अगली सफलता के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा क्योंकि फैजल व उजैरुल्लाह ने दममार बल्लेबाजी करते हुए न सिर्फ अपने शतक पूरे किए वरन तीसरे विकेट के लिए 130 गेंदों पर 148 रनों की मजबूत साझेदारी से दल को बड़े स्कोर की राह पकड़ा दी। अंततः दीपेश ने 46वें ओवर में फैजल को बोल्ड मारा। उजैरुल्लाह टीम को 300 के पार पहुंचाने के बाद नाबाद लौटे।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code