महिला प्रीमियर लीग : दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार फाइनल में, एलिमिनेटर में गुजरात जाएंट्स 7 विकेट से पस्त
वडोदरा, 3 फरवरी। जेमिमा रॉड्रिग्स की कप्तानी में उतरे दिल्ली कैपिटल्स ने मंगलवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 के एलिमिनेटर में गुजरात जाएंट्स को 26 गेंदों के शेष रहते सात विकेट से पस्त कर दिया और लगातार चौथी बार फाइनल में जगह बना ली।
The streak continues! 👏
4⃣ seasons, 4⃣ finals as @DelhiCapitals march into the #TATAWPL 2026 summit clash 💙#ClaimTheCrown | #GGvDC | #Eliminator pic.twitter.com/CNF8OXzZsr
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) February 3, 2026
DC ने WPL इतिहास में अपना सबसे बड़ा रन चेज किया
कोटाम्बी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य गुजरात जाएंट्स ने 4-59 की खराब शुरुआत से उबरते हुए ओपनर बेथ मूनी (नाबाद 62 रन, 51 गेंद, छह चौके) के ठोस पचासे की मदद से 20 ओवरों में सात विकेट पर 168 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाबी काररवाई में दिल्ली कैपिटल्स ने शीर्ष व मध्यक्रम बल्लेबाजों के उपयोगी अंशदानों से WPL इतिहास में अपना सबसे बड़ा चेज करते हुए 15.4 ओवरों में तीन विकेट पर ही 169 रन बनाकर कर मंजिल हासिल की।

5 फरवरी को RCB से होगी खिताबी मुलाकात
तीन फाइनल खेलने के बावजूद अब तक पहली उपाधि से वंचित दिल्ली कैपिटल्स की अब गुरुवार (5 फरवरी) को 2024 के चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से मुलाकात होगी। स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली बेंगलुरु टीम लीग चरण में टेबल-टॉपर के तौर पर फाइनल में अपनी जगह पहले ही पक्की कर ली थी।

लिजेल ली व शेफाली के बीच 89 रनों की मजबूत साझेदारी
सच पूछें तो दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह बड़ा आसान चेज था। सलामी बल्लेबाजों – लिजेल ली (43 रन, 24 गेंद, एक छक्का, आठ चौके) और शेफाली वर्मा (31 रन, 21 गेंद, सात चौके) ने पावरप्ले में बहुत मजबूती प्रदर्शित की 89 रनों की साझेदारी से टीम की राह आसान कर दी। हालांकि दोनों ओपनर एक ही आठवें ओवर में जॉर्जिया वेयरम (2-28) की शिकार हो गईं।
Captain comes up clutch 🫡@DelhiCapitals skipper Jemimah Rodrigues is adjudged the Player of the Match in the #Eliminator 👏
Scorecard ▶️ https://t.co/seGdvpGulP #TATAWPL | #ClaimTheCrown | #GGvDC | @JemiRodrigues pic.twitter.com/dEomFq4DWA
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) February 3, 2026
वोलवार्ट व जेमिमा ने तीसरे विकेट पर जोड़ 68 रन
इसके बाद लॉरा वोलवार्ट (नाबाद 32 रन, 24 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जेमिमा रॉड्रिग्स (41 रन, 23 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने तीसरे विकेट पर 68 रनों की त्वरित साझेदारी से दल को जीत की देहरी पर ला खड़ा किया।
हालांकि जेमिमा को लक्ष्य से नौ रनों के फासले पर 15वें ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ (1-33) ने लौटा दिया। लेकिन वोलवार्ट का साथ देने उतरीं मारिएन कैप (नाबाद चार रन, तीन गेंद, एक चौका) ने अगले ओवर में वेयरम पर विजयी चौका जड़ दिया।

गुजरात जाएंट्स के लिए बेथ मूनी का पचासा निरर्थक
इससे पहले गुजरात जाएंट्स की पारी लड़खड़ा गई, जब चिनले हेनरी (3-35), नंदनी शर्मा (2-44) व मिन्नू मणि (1-23) ने नौवें ओवर तक 59 पर चार शीर्ष बल्लेबाजों को लौटा दिया था। हालांकि बेथ मूनी ने दृढ़ता दिखाई। उन्होंने न सिर्फ मैच की इकलौती अर्धशतकीय पारी खेली वरन जॉर्जिया वेयरम (35 रन, 25 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) संग 61 रनों की साझेदारी से स्थिति संभाली और फिर काश्वी गौतम (18 रन, 10 गेंद, तीन चौके) के साथ सातवें विकेट पर तेज 39 रनों की भागीदारी से दल को 160 के पार पहुंचाया। फिलहाल बड़े लक्ष्य को दिल्ली कैपिटल्स ने बौना साबित कर दिया।
