1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. बिहार में नीतीश कैबिनेट का विस्तार, भाजपा के 7 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
बिहार में नीतीश कैबिनेट का विस्तार, भाजपा के 7 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

बिहार में नीतीश कैबिनेट का विस्तार, भाजपा के 7 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

0
Social Share

पटना, 26 फरवरी। बिहार में सत्तारूढ़ एनडीए सरकार में नीतीश मंत्रिमंडल का आज विस्तार हुई। इसके तहत भाजपा के सात विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इस कैबिनेट विस्तार को अहम माना जा रहा है क्योंकि राज्य में इस वर्ष के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने जिन विधायकों को मंत्रीपद की शपथ दिलाई, उनमें संजय सरावगी (दरभंगा), सुनील कुमार (बिहारशरीफ), जीवेश कुमार (जाले), राजू कुमार सिंह (साहेबगंज), मोतीलाल प्रसाद (रीगा), विजय कुमार मंडल (सिकटी) और कृष्ण कुमार मंटू (अमनौर) शामिल हैं।

कैबिनेट विस्तार के बाद अब भाजपा के 21 मंत्री

नीतीश कैबिनेट के विस्तार के बाद अब मंत्रियों की कुल संख्या 36 हो गई है। इनमें भाजपा के मंत्री 14 से बढ़कर 21 हो गए हैं। मंत्रिमंडल में जेडीयू से 13, HAM से एक और एक निर्दलीय कोर्ट से मंत्री है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा

इससे पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। दिलीप जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा, “मैं राजस्व मंत्री पद से इस्तीफा देने जा रहा हूं। ‘एक व्यक्ति, एक पद’ पार्टी का सिद्धांत है। मुझे पार्टी की राज्य इकाई की जिम्मेदारी देने के लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार।” उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार होता है। यह विस्तार बिहार बजट सत्र शुरू होने से दो दिन पहले हुआ है, जो शुक्रवार से प्रारंभ होगा।

सूत्रों ने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पहले हुई बातचीत बेनतीजा रहने के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और सीएम नीतीश कुमार ने संभावित मंत्रिमंडल विस्तार पर बैठक की। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार तभी संभव हुआ, जब केंद्रीय नेतृत्व ने नीतीश सरकार द्वारा प्रस्तावित संभावित मंत्रियों की सूची को मंजूरी दी।

गौरतलब है कि बिहार में भाजपा के कई मंत्री वर्तमान में एक से अधिक विभागों का प्रभार संभाल रहे हैं। उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा तीन विभागों का प्रभार संभाल रहे हैं जबकि राज्य मंत्री मंगल पांडेय और नीतीश मिश्रा दो-दो विभागों का प्रभार संभाल रहे हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code