1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, ओडिशा समेत तटीय राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, ओडिशा समेत तटीय राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, ओडिशा समेत तटीय राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

0
Social Share

भुवनेश्वर, 20 अक्टूबर। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है और मछुआरों को 25 अक्टूबर तक ओडिशा तट के समुद्र में न जाने की एजवाइजरी जारी की है। आईएमडी के अनुसार 23 अक्टूबर को ओडिशा तट के पास बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की संभावना है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बन सकता है। चक्रवात के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल जैसे तटीय राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है।

आईएमडी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ’19 अक्टूबर को मध्य अंडमान सागर पर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती क्षेत्र 20 अक्टूबर को सुबह 8.30 बजे (भारतीय समयानुसार) उत्तरी अंडमान सागर पर था। इसके असर से अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर पर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।’

बयान में कहा गया है कि निम्न दबाव क्षेत्र के पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 22 अक्टूबर की सुबह तक दबाव में तब्दील होने और फिर 23 अक्टूबर तक बंगाल की खाड़ी के पूर्वी-मध्य में चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। 24 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवाती तूफान ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ जाएगा।

आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि इसके प्रभाव के कारण समुद्र में हलचल बढ़ जाएगी। 21 अक्टूबर की सुबह तक हवा की गति 45 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी और उसी दिन शाम तक हवा की गति बढ़कर 60 किमी प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है।

100 से 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है हवा की गति

महापात्रा ने बताया कि 23 अक्टूबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में हवा की गति 65-75 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी। जब चक्रवाती तूफान 24 अक्टूबर को ओडिशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम में पहुंचेगा तो हवा की गति 100 से 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। उन्होंने कहा, ‘ओडिशा के तटीय इलाकों में 23 अक्टूबर से बारिश होने की संभावना है। 24 और 25 अक्टूबर को ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code