1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार संभाली हरियाणा की बागडोर, अनिल विज सहित 13 मंत्रियों ने भी ली शपथ
नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार संभाली हरियाणा की बागडोर, अनिल विज सहित 13 मंत्रियों ने भी ली शपथ

नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार संभाली हरियाणा की बागडोर, अनिल विज सहित 13 मंत्रियों ने भी ली शपथ

0
Social Share

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा में गुरुवार को लगातार तीसरी बार सरकार बना ली। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के कद्दावर नेता नायब सिंह सैनी ने पंचकूला के दशहरा मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने सैनी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

6 कैबिनेट और 7 राज्य मंत्रियों को दिलाई गई शपथ

राज्यपाल ने सैनी के साथ वरिष्ठ नेता अनिल विज सहित 13 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई, जिनमें छह कैबिनेट एवं सात राज्य मंत्री शामिल हैं। अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, विपुल गोयल व डॉ. अरविंद शर्मा जहां कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं वहीं श्याम सिंह राणा, रणबीर सिंह गंगवा, कृष्ण बेदी, श्रुति चौधरी, आरती राव, राजेश नागर व गौरव गौतम ने राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ली। वस्तुतः हरियाणा में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 14 मंत्री ही हो सकते हैं।

पीएम मोदी सहित एनडीए के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित कई राज्यों के राज्यपाल, योगी आदित्यनाथ, भूपेंद्र पटेल, चंद्रबाबू नायडू व एकनाथ शिंदे सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता इस समारोह में उपस्थित रहे।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए भाजपा द्वारा आज का दिन चुना जाना इसलिए महत्वपूर्ण रहा कि इस दिन वाल्मीकि जयंती मनाई जाती है। ऋषि वाल्मीकि हिन्दू महाकाव्य रामायण के रचयिता हैं और दलितों के बीच विशेष रूप से पूजनीय हैं। समारोह से कुछ घंटे पहले सैनी वाल्मीकि भवन गए और उन्होंने पंचकूला स्थित गुरुद्वारे एवं मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

नायब सैनी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा की नई सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को तीव्र गति से आगे ले जाने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर कहा कि हरियाणा की जनता ने मोदी सरकार की नीतियों में विश्वास दिखाया है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र को पूरी तरह लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हमारे 2014 के संकल्प पत्र और 2019 के संकल्प पत्र को देखें, हमने उन्हें पूरी तरह से लागू किया और अब हमारी सरकार इस संकल्प पत्र को भी लागू करेगी।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code