1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. हरियाणा चुनाव : बजरंग पूनिया व विनेश फोगाट अब चुनावी ताल ठोकने को तैयार, कांग्रेस का टिकट लगभग तय
हरियाणा चुनाव : बजरंग पूनिया व विनेश फोगाट अब चुनावी ताल ठोकने को तैयार, कांग्रेस का टिकट लगभग तय

हरियाणा चुनाव : बजरंग पूनिया व विनेश फोगाट अब चुनावी ताल ठोकने को तैयार, कांग्रेस का टिकट लगभग तय

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 सितम्बर। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती जगत में भारतीय परचम लहराने के बाद दो ख्यातिनाम पहलवान -बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट अब चुनावी ताल ठोकने के लिए तैयार हैं। सूत्रों पर भरोसा करें तो विनेश व बजरंग की हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर उम्मीदवारीर तय हो गई है।

दरअसल, बजरंग व फोगाट ने आज ही दिन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद ही यह पक्का माने जाने लगा कि पूनिया और विनेश फोगाट अखाड़े के बाद चुनावी मैदान में भी किस्मत आजमाएंगे।

पूनिया बादली से लड़ेंगे और विनेश को जुलाना से मिलेगा टिकट

सूत्रों से जो जानकारी सामने आ रही है, उसके अनुसार बजरंग पूनिया बादली से चुनाव लड़ेंगे जबकि विनेश फोगाट जुलाना से चुनावी मैदान में उतरेंगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव की गर्माहट के बीच पिछले कुछ दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि फोगाट और पुनिया चुनाव लड़ेंगे। अंततः आज इसकी पुष्टि हो गई। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस शुरू में चाहती थी कि विनेश गुड़गांव के पास किसी सीट से चुनाव में उतरें, लेकिन विनेश जुलाना से ही चुनाव लड़ना चाहती थीं।

किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर शंभू बॉर्डर गई थीं फोगाट

उल्लेखनीय है कि विनेश फोगाट ने पिछले शनिवार को किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर किसानों के प्रति अपना समर्थन जताया था। वह शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पहुंची थीं। इस दौरान विनेश से यह भी पूछा गया कि क्या वह चुनाव लड़ेंगी? इस पर पहलवान ने जवाब दिया कि वह राजनीति के बारे में नहीं जानतीं, लेकिन किसानों का पूरा समर्थन करती हैं।

वहीं 27 अगस्त 2024 को हरियाणा के जींद में एक कार्यक्रम में विनेश फोगाट ने कहा था कि उन पर राजनीति में आने का दबाव है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह इस बारे में अपने बड़ों से सलाह लेंगी। जब उनका मन स्थिर और साफ होगा, तब वह सोचेंगी कि आगे क्या करना है।

कांग्रेस जल्द करेगी उम्मीदवारों का एलान

इस बीच कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी एक-दो दिन में ही हरियाणा में अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने वाली है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार तक 90 में से 66 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। हालांकि, नामों की घोषणा नहीं की गई है। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर पांच अक्टूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

बृजभूषण शरण के खिलाफ आंदोलन के अगुआ रहे थे विनेश व बजरंग

उल्लेखनीय है कि बजंरग पुनिया और विनेश फोगाट ने एक अन्य अंतराष्ट्रीय पहलवान साक्षी मलिक के साथ मिलकर पिछले वर्ष भाजपा के पूर्व सांसद व भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन की अगुआई की थी।

फोगाट ने पेरिस ओलम्पिक के दौरान ही कर दी थी संन्यास की घोषणा

जहां तक विनेश का सवाल है तो पेरिस ओलम्पिक 2024 में विनेश 50 किलोग्राम रेसलिंग प्रतियोगिता में पदक से चूक गई थीं। दरअसल, फाइनल में प्रवेश के साथ ही विनेश कम से कम रजत पदक पक्का कर चुकी थीं। लेकिन फाइनल मुकाबले से पहले ही निर्धारित से 100 ग्राम अधिक वजन के कारण उन्हें अयोग्य ठहरा दिया गया था। उस घटना के एक दिन बाद आठ अगस्त को विनेश ने कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर दी थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code