Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयसिडनी के शॉपिंग सेंटर में चाकू से हमला, 6 लोगों की मौत,...

सिडनी के शॉपिंग सेंटर में चाकू से हमला, 6 लोगों की मौत, संदिग्ध भी मारा गया

सिडनी, 13 अप्रैल। सिडनी के एक शॉपिंग सेंटर में शनिवार को एक सिरफिरे चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छह लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर को भी मार गिराया।

सहायक पुलिस आयुक्त एंथनी कुक ने संवाददाताओं को बताया कि एक व्यक्ति ने मॉल में नौ लोगों पर चाकू से वार किया, जिसके बाद एक पुलिस निरीक्षक ने उसे गोली मार दी। हमले में छह लोगों की मौत हो गई। कुक ने बताया कि संदिग्ध ने इस वारदात को अकेले अंजाम दिया और अब कोई खतरा नहीं है। यह भी तत्काल पता नहीं चल सका कि अपराधी कौन था और हमले के पीछे उसका उद्देश्य क्या था।

मीडिया की खबरों में बताया गया कि सिडनी के एक भीड़भाड़ वाले शॉपिंग सेंटर में कई लोगों पर चाकू से हमला किया गया और पुलिस ने एक व्यक्ति को गोली मारी है। ऑस्ट्रेलिया में ‘एबीसी टीवी’ ने बताया कि पुलिस ने बॉन्डी जंक्शन में वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर में खरीदारों को बचाया।

वहीं ‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ ने बताया था कि चाकू के हमले में चार लोगों की मौत हो गई है। अखबार ने बताया कि एक व्यक्ति को गोली मारी गई है, लेकिन अभी उसकी स्थिति का पता नहीं चल पाया है। वीडियो में शॉपिंग सेंटर के आसपास लोगों की भीड़ के साथ कई एम्बुलेंस और पुलिस की गाड़ियां दिखाई दे रही हैं।

चिकित्साकर्मी घटनास्थल पर लोगों का उपचार करते दिखे। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रोई हबरमैन ने ‘एबीसी’ को बताया कि उन्होंने एक दुकान में शरण ली। उन्होंने कहा, ‘और अचानक मैंने एक या दो गोली चलने की आवाज सुनी और हमें नहीं पता था कि क्या करें। फिर दुकान में एक महिला हमें पीछे एक जगह पर लेकर गई, जिसे बंद किया जा सकता था। इसके बाद उन्होंने दुकान बंद कर दी और बाद में हमें बाहर निकाला।’

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments