1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. हॉकी सीरीज में भारत का पूर्ण सफाया, ऑस्ट्रेलिया ने पांचवां टेस्ट भी जीता
हॉकी सीरीज में भारत का पूर्ण सफाया, ऑस्ट्रेलिया ने पांचवां टेस्ट भी जीता

हॉकी सीरीज में भारत का पूर्ण सफाया, ऑस्ट्रेलिया ने पांचवां टेस्ट भी जीता

0
Social Share

पर्थ, 13 अप्रैल। भारतीय पुरुष हॉकी टीम शनिवार को यहां पांचवें व आखिरी टेस्ट में भी संघर्ष के बाद ऑस्ट्रेलिया के हाथों 2-3 से हार गई। इसके साथ ही मेजबानों ने पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत का 5-0 से पूर्ण सफाया कर दिया।

सच पूछें तो पेरिस ओलम्पिक की तैयारियों के लिए यह दौरा काफी महत्वपूर्ण था। लेकिन FIH विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज भारत स्वयं से दो स्थान ऊपर ऑस्ट्रेलिया को टक्कर नहीं दे सका। टोक्यो ओलम्पिक खेलों के कांस्य पदक विजेता और हांगझू एशियाई खेल चैम्पियन भारत को पिछले चार मैचों में क्रमशः 1-5, 2-4, 1-2 व 1-3 से पराजय का सामना करना पड़ा था।

भारत ने गंवाई शुरुआती बढ़त

पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भी भारत ने शुरुआती बढ़त ली थी और आधे समय तक स्कोर 1-1 बराबर था। लेकिन मेजबान टीम ज्यादा ही मजबूत साबित हुई। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (चौथा मिनट) और बॉबी सिंह धामी (53वां मिनट) ने गोल दागे। ऑस्ट्रेलिया के लिए जेरेमी हैवर्ड (20वां), के विलोट (38वां) और टिम ब्रांड (39वां) ने गोल किये।

हरमनप्रीत ने चौथे मिनट में खाता खोला, हाफ टाइम स्कोर 1-1 बराबर

भारत ने मैच में आक्रामक शुरुआत की। जुगराज सिंह ने ऑस्ट्रेलियाई हाफ में जरमनप्रीत सिंह को गेंद सौंपी, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं पाए। हालांकि चौथे मिनट में हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर कामयाबी दिलाई। हरमनप्रीत का सीरीज में यह तीसरा गोल था। ऑस्ट्रेलिया ने जवाबी हमला शुरू किया और 20वें मिनट में हैवर्ड के गोल से बराबरी कर ली। इसके बाद भारत के रिजर्व गोलकीपर सूरज करकेरा ने नाथन ई के शॉट पर मुस्तैदी से गोल बचाया।

ऑस्ट्रेलिया ने 2 मिनट में ठोक दिए 2 गोल

मध्यांतर बाद ऑस्ट्रेलिया को पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सूरज करकेरा ने गोल बचाया तो 37वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत का निशाना चूक गया। ऑस्ट्रेलिया ने एक मिनट बाद विलोट के गोल से बढ़त बना ली और अगले ही मिनट ब्रांड ने एडी ओकेंडेन के पास पर तीसरा गोल भी दाग दिया।

बॉबी सिंह धामी ने किया पहला अंतरराष्ट्रीय गोल

भारत को 42वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास गोल नहीं कर सके। जवाब में मेजबानों को मिले दो पेनाल्टी कॉर्नर भी भारतीय डिफेंस ने बचाए। भारत के लिए दूसरा गोल धामी ने आखिरी सीटी बजने से सात मिनट पहले रिवर्स हिट पर दागा। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल था। हालांकि इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई डिफेंडर अपना दुर्ग बचाने में सफल रहे।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code