गुजरात : स्थानीय निकाय उपचुनाव में भाजपा का वर्चस्व, 30 में 21 सीटों पर जीत हासिल की, कांग्रेस को भी फायदा

अहमदाबाद, 8 अगस्त। गुजरात में रविवार को हुए स्थानीय निकाय उपचुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का वर्चस्व रहा, जिसने 30 में से 21 सीटों पर जीत हासिल की। मंगलवार को 29 नगर पालिकाओं और एक नगर निगम सीट पर चुनाव परिणाम घोषित किया गया। इनमें कांग्रेस ने नौ नगरपालिका सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं सूरत नगर निगम के वार्ड नंबर 20 में हुए उपचुनाव में भाजपा के राजेशभाई राणा ने जीत दर्ज की।

भाजपा के प्रदेश महासचिव रजनी पटेल ने उपचुनाव के नतीजों पर कहा, ‘गुजरात के लोगों ने पार्टी नेतृत्व और विजन में एक बार फिर विश्वास जताया है। लगातार समर्थन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के नेतृत्व को जाता है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल के कुशल प्रशासन में राज्य तेजी से विकास कर रहा है। भाजपा भी गुजरात में नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है।’

वहीं गुजरात कांग्रेस के प्रमुख शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी की सीटों में इजाफा हुआ है और पांच से बढ़कर नौ पर जीत दर्ज की है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सीट पर महज दो वोट से हार का सामना करना पड़ा जबकि एक पर महज चार वोट से पीछे रहे।

हालांकि, कांग्रेस पार्टी तीन सीटों पर अपनी जमानत बचाने में असफल रही। आम आदमी पार्टी की भी पांच सीटों पर जमानत जब्त हो गई। सूरत, राजपीपला, गोधरा, पोरबंदर और ध्रांगधरा में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा।

नगरपालिका उपचुनाव के नतीजे विजयी पार्टियों के लिए बेहद खास हैं। इसकी वजह है कि लोकसभा चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है। पिछले साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। 182 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा के 156 प्रत्याशियों की जीत हुई थी। कांग्रेस को 17 और आम आदमी पार्टी को पांच सीटों से संतोष करना पड़ा था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular