Homeहिन्दीअंतरराष्ट्रीयरूस में तख्तापलट की कोशिश, 25 हजार सैनिकों के साथ घुसा वैगनर...

रूस में तख्तापलट की कोशिश, 25 हजार सैनिकों के साथ घुसा वैगनर ग्रुप

मॉस्को, 24 जून। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के कहने पर  भाड़े के जिन सैनिकों यानी वैगनर ग्रुप ने यूक्रेन में जमकर खून-खराबा किया,  अब वे ही रूस के दुश्मन बन चुके हैं। दरअसल, वैगनर ग्रुप ने राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ तख्तापलट का एलान किया है। वैगनर ग्रुप फिलहाल अपने लाव-लश्कर के साथ रूसी सेना की ओर कूच कर रहा है।

वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन का संकल्प – पुतिन की सत्ता उखाड़ फेंकेंगे

देखा जाए तो यूक्रेन युद्ध जब से शुरू हुआ है, तब से वैगनर ग्रुप काफी चर्चा में है। यह एक निजी सैन्य कम्पनी है। येवगेनी प्रिगोझिन के नेतृत्व वाले ग्रुप ने पुतिन के इशारे पर यूक्रेन के कई शहरों में खून-खराबा किया। शुक्रवार को इसने खुले तौर पर रूस के खिलाफ सशस्त्र विद्रोह का एलान कर दिया। वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने कसम खाई है कि वह रूस से पुतिन की सत्ता को उखाड़ फेंकेगा।

25,000 सैनिकों की मजबूत सेना

वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने कहा कि उसके पास 25,000-मजबूत सेना है जो ‘मरने के लिए तैयार’ है। कभी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का रसोइया रहे येवगेनी प्रिगोझिन ने कहा, ‘हमारे पास कई मकसद हैं, हम सभी मरने को तैयार हैं। हम अपनी मातृभूमि के लिए मर रहे हैं। हम रूसी लोगों के लिए मरने को तैयार हैं। हम रूसी लोगों को उनसे आजादी दिलाना चाहते हैं जो नागरिकों की हत्या कर रहे हैं।’

रूस में स्थानीय मीडिया ने पुष्टि की है कि सैन्य वर्दी में अज्ञात लोगों ने रोस्तोव-ऑन-डॉन में रूसी सेना के मुख्यालय को घेर लिया है। वैगनर लड़ाकों ने सैन्य मुख्यालय, शहर प्रशासन भवन, रूसी खुफिया (एफएसबी) कार्यालय और स्थानीय पुलिस स्टेशन को भी घेर रखा है। स्थानीय रूसी समाचार मीडिया आउटलेट्स का भी मानना है कि वैगनर ग्रुप के साथ रूसी सेना के कुछ ऐसे सैनिक हैं, जिन्होंने अपनी टुकड़ी छोड़ उसका साथ देने का वादा किया है।

घर के अंदर ही रहने की लोगों से अपील

रूस में तख्तापलट की बढ़ती आशंका के कारण वोरोनिश और लिपेत्स्क क्षेत्रों में रूसी खुफिया कार्यालयों को खाली करा लिया गया है। मॉस्को के दक्षिण में लिपेत्स्क क्षेत्र के गवर्नर इगोर आर्टामोनोव ने लोगों से शांत रहने और घर के अंदर रहने का आग्रह किया। आर्टामोनोव के हवाले से कहा, ‘क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने के लिए निर्णय लिया गया है।’ कई रूसी शहरों में कार्यक्रम रद कर दिए गए हैं।

स्वतंत्र समाचार मीडिया आउटलेट के अनुसार ऐसी संभावना है कि प्रिगोझिन रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रूसी सैन्य प्रमुख वालेरी गेरासिमोव को उखाड़ फेंकना चाहता है। रोस्तोव के गवर्नर वासिली गोलुबेव ने भी सभी को शांत रहने और घर के अंदर रहने के लिए कहा। गोलूबेव ने कहा, ‘कानून प्रवर्तन एजेंसियां निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं।’ समाचार आउटलेट नेक्सटा ने रोस्तोव-ऑन-डॉन से कुछ वीडियो फुटेज शेयर किए हैं, जिनमें दक्षिणी सैन्य जिले के मुख्यालय के बाहर मशीन-गन हाथ में लिए सैनिक अपनी पॉजिशन लेते दिख रहे हैं।

रूस ने ही खड़ा किया है वैगनर ग्रुप

मीडिया रिपोर्टों की मानें तो खुद राष्ट्रपति पुतिन ने ही प्रिगोझिन को वैगनर ग्रुप की स्थापना करने में सहायता की थी। उन्होंने वैगनर ग्रुप को रूसी सेना से हथियार और ट्रेनिंग भी दिलवाई। कई रूसी शहरों को पार करते हुए वैगनर ग्रुप के लड़ाके मॉस्को की ओर बढ़ रहे हैं। क्रेमलिन और ड्यूमा की सुरक्षा में टैंकों और बख्तरबंद गाड़ियों के साथ रूसी स्पेशल फोर्सेज के कमांडो को तैनात किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments