भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन

प्रयागराज, 8 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का 88 वर्ष की उम्र मेें निधन हो गया। शनिवार को उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। रविवार की सुबह उन्होंने घर पर ही अंतिम सांस ली। परिजन आज उन्होंने लखनऊ पीजीआई ले जाने वाले थे।

यूपी विधानसभा के स्पीकर रह चुके वयोवृद्ध नेता केशरी नाथ त्रिपाठी को दो दिन पूर्व ही पूर्व प्रयागराज स्थित एक्यूरा क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल से घर लाया गया था। वहां चिकित्सक उनपर नजर रखे हुए थे। उन्हें ऑक्सीजन के साथ ही पेय पदार्थ भी नली की मदद से दिया जा रहा था। शनिवार को दिक्कत बढ़ने के बाद चिकित्सकों ने लखनऊ ले जाने की सलाह दी थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि आज उन्हें पीजीआई लखनऊ ले जाने की तैयारी थी। लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया।

पीएम मोदी ने जताया दुख

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केशरी नाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।  पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘केशरी नाथ त्रिपाठी का सम्मान उनकी सेवा और बुद्धिमत्ता के लिए होता था। वह संवैधानिक मामलों के जानकार थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश में बीजेपी को मजबूत करने में मुख्य भूमिका निभाई और प्रदेश में विकास की दिशा में कड़ी मेहनत की। उनके निधन से दुख हुआ। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।’

प्रयागराज (तत्कालीन इलाहाबाद) में 10 नवम्बर 1934 को जन्मे पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े हुए थे। वह बीजेपी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रहने के साथ ही विधानसभा के स्पीकर भी रह चुके थे। त्रिपाठी ने 2014 से 2019 तक पश्चिम बंगाल के राज्यपाल की जिम्मेदारी भी निभाई। इसके साथ ही उनके पास बिहार, मिजोरम और मेघालय के राज्यपाल का भी प्रभार था।

RELATED ARTICLES

Most Popular