यूपी चुनाव : भाजपा सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक सपा शामिल, आजमगढ़ की रैली में अखिलेश यादव ने कराया परिचय

आजमगढ़, 5 मार्च। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सातवें व अंतिम चरण के प्रचार अभियान के अंतिम दिन शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के पुत्र मयंक जोशी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में एक रैली को संबोधित करते हुए जनता को बताया कि मयंक ने उनकी पार्टी का दामन थाम लिया है। अखिलेश का रैली से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उनके साथ मयंक को देखा जा सकता है।

भाजपा ने लखनऊ कैंट से मयंक को टिकट देने से इनकार किया था

गौरतलब है कि कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने के बाद इलाहाबाद से लोकसभा चुनाव जीतने वालीं रीता बहुगुणा जोसी ने लखनऊ कैंट से अपने बेटे मयंक जोशी के लिए भाजपा से टिकट मांगा था, जहां से वह पहले दो बार चुनाव जीत चुकी थीं। लेकिन पार्टी ने ब्रजेश पाठक को लखनऊ कैंट से उम्मीदवार घोषित किया। तभी से मयंक के समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करने की अटकलें तेज हो गई थीं।

यही नहीं, हाल ही में मयंक ने अखिलेश यादव से मुलाकात भी की थी। तब सपा ने अखिलेश यादव संग मंयक जोशी की तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा था – ‘श्री मयंक जोशी से शिष्टाचार मुलाकात।’

डॉ. रीता जोशी की बात करें तो उन्होंने लखनऊ कैंट से 2012 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर और 2017 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था और दोनों बार विजय प्राप्त की थी। उन्होंने 2017 के चुनाव में मुलायम सिंह यादव परिवार की बहू और सपा प्रत्याशी अपर्णा यादव को हराया था।

हालांकि, इस बार विधानसभा चुनाव से पहले ही अपर्णा सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। मयंक के सपा में शामिल होने के बाद डॉ. रीता जोशी के राजनीतिक भविष्य को लेकर भी अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular