1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. उत्तर प्रदेश :  सोनिया गांधी के गढ़ में कांग्रेस को आघात, बागी विधायक अदिति सिंह भाजपा में शामिल
उत्तर प्रदेश :  सोनिया गांधी के गढ़ में कांग्रेस को आघात, बागी विधायक अदिति सिंह भाजपा में शामिल

उत्तर प्रदेश :  सोनिया गांधी के गढ़ में कांग्रेस को आघात, बागी विधायक अदिति सिंह भाजपा में शामिल

0
Social Share

लखनऊ, 24 नवंबर। चुनावी मौसम करीब आने के साथ ही नेताओं के दलबदल का दौर लगातार जारी है। इस क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली में कांग्रेस को उस समय आघात लगा, जब रायबरेली सदर सीट से पार्टी विधायक अदिति सिंह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं।

आजमगढ़ के सगड़ी से बसपा विधायक वंदना सिंह भी भाजपा से जुड़ीं 

हालांकि अदिति ने पिछले काफी समय से कांग्रेस के खिलाफ बागी तेवर अख्तियार कर रखा था और इस दौरान वह भाजपा के करीब रही हैं। अंततः बुधवार को वह औपचारिक तौर पर भाजपा की सदस्य बन गईं। अदिति सिंह के अलावा आजमगढ़ के सगड़ी से बसपा विधायक वंदना सिंह ने  भी प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेई सहित अन्य नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली।

दिवंगत बाहुबली नेता अखिलेश सिंह की बेटी हैं अदिति

दिवंगत बाहुबली नेता अखिलेश सिंह की बेटी अदिति रायबरेली सदर से कांग्रेस की सीट पर 2017 में पहली बार विधायक बनी थीं। पांच बार के विधायक रहे अखिलेश सिंह का कुछ दिनों पहले ही निधन हुआ है और पिता के निधन के बाद से ही अदिति की भाजपा से करीबी बढ़ गई थी। वैसे, कांग्रेस पार्टी उनकी सदस्यता खत्म करने को लेकर पहले ही विधानसभा अध्यक्ष को लिख चुकी थी।

देखा जाए तो रायबरेली भाजपा के लिए सबसे कमजोर इलाकों में एक रहा है और रायबरेली की सदर सीट पार्टी कभी जीत नहीं पाई। अब अदिति सिंह के तौर पर भाजपा को एक बड़ा चेहरा जरूर हाथ लगा है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code