मुंबई, एक अक्टूबर। महाराष्ट्र के रायगड जिले में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जब समुद्र तट पर पिकनिक मनाने आए आठ छात्र डूब गए और सभी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सभी छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
पुणे के निजी कोचिंग संस्थान के 42 छात्र-छात्राओं और 6 शिक्षकों का समूह पिकनिक पर गया था
एक पुलिस अधिकारी ने बताया 11वीं और 12वीं कक्षा के ये छात्र पुणे जिले के आलंदी स्थित निजी कोचिंग संस्थान ‘विनर्स एकेडमी’ के एक समूह का हिस्सा थे। 25 लड़कों, 17 लड़कियों और छह शिक्षकों का एक समूह दिघी तटीय पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले समुद्र तट पर पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान आठ छात्र समुद्र में चले गए और पानी की गहराई तथा तेज बहाव का सही अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण बह गए। सूचना मिलने के बाद खोज और बचाव दल के कर्मी मौके पर पहुंचे। बाद में शव बरामद किए गए। सभी मृतकों की उम्र 17-18 वर्ष के बीच है।

पुलिस ने बताया कि छात्र मुंबई से करीब 170 किलोमीटर दूर दिवेआगर बीच (Diveagar Beach) पर डूबे। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रुप के कुछ छात्र बीच पर तैरने गए थे और उनमें से आठ वापस किनारे तक नहीं पहुंच पाए।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद, संबंधित छात्रों को जरूरी मेडिकल चेक-अप और आगे की काररवाई के लिए श्रीवर्धन रूरल हॉस्पिटल ले जाया गया। इसके अलावा, पुलिस प्रशासन के निर्देशों के अनुसार, इन छात्रों के माता-पिता को तुरंत श्रीवर्धन रूरल हॉस्पिटल में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया।
मृतक छात्र
राजवीर वाहिले, सोहम भांडवलकर, कौस्तुभ दोंड, यश वानखेड़े, कैवल्य वासंकर, तन्मय वाहिले, सुमित अहिरे व प्रणव बनसोडे।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रुप के अन्य सभी छात्र अभी होटल में सुरक्षित हैं और शिक्षकों और संस्थान की देखरेख में हैं। उन्होंने माता-पिता से अनुरोध किया कि वे घबराएं नहीं या बिना सत्यापिक की गई जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें। वहीं विनर्स एकेडमी ने कहा है कि जैसे ही स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी मिलेगी, माता-पिता को सूचित कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने घटना पर दुख जताया
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, ‘आलंदी की विनर्स एकेडमी के आठ छात्रों के डूबने की घटना बेहद दुखद और पीड़ादायक है। मैं उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में हम उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। सभी मृतक आलंदी के रहने वाले थे और उनके शवों को आलंदी ले जाने की कोशिशें की जा रही हैं।’
रायगड जिल्ह्यातील दिघी सागरी, दिवेआगार येथे समुद्रकिनारी पर्यटनासाठी आलेल्या विनर्स अॅकडमी, आळंदीच्या 8 विद्यार्थ्यांचा बुडून मृत्यू झाल्याची घटना अत्यंत दु:खद आणि पीडादायक आहे.
मी त्यांना भावपूर्ण श्रद्धांजली अर्पण करतो.
या सर्व कुटुंबीयांच्या दु:खात आम्ही सहभागी आहोत.
हे…— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) October 1, 2026
डिप्टी सीएम ने सुनेत्रा पवार आवश्यक काररवाई के निर्देश दिए
वहीं उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने पुणे के जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी, रायगड के जिला कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट किशन नारायणराव जावले और रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल से संपर्क किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मृत छात्रों के परिवारों को आवश्यक प्रशासनिक सहायता प्रदान करने और तुरंत आगे की आवश्यक काररवाई करने के निर्देश दिए। सुनेत्रा पवार पुणे जिले की संरक्षक मंत्री भी हैं।


