1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. आंध्र प्रदेश : बापटला में ग्रेनाइट खदान में चट्टान गिरने से ओडिशा के 6 मजदूरों की मौत, 8 अन्य घायल
आंध्र प्रदेश : बापटला में ग्रेनाइट खदान में चट्टान गिरने से ओडिशा के 6 मजदूरों की मौत, 8 अन्य घायल

आंध्र प्रदेश : बापटला में ग्रेनाइट खदान में चट्टान गिरने से ओडिशा के 6 मजदूरों की मौत, 8 अन्य घायल

0
Social Share

अमरावती, 3 अगस्त। आंध्र प्रदेश के बापटला जिले में रविवार को ग्रेनाइट खदान में एक बड़ी चट्टान गिरने से छह प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। जिले के बल्लीकुरवा के पास सत्यकृष्ण ग्रेनाइट खदान में यह हादसा पूर्वाह्न लगभग 10.30 बजे हुआ, जब 16 मजदूर खदान के अंदर खनन कार्य में लगे हुए थे। हादसे के बाद खनन विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस टीम ने घटनास्थल पर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि ग्रेनाइट खदान का किनारा ढहने से छह लोगों की मौत हो गई। सभी पीड़ित ओडिशा के रहने वाले हैं। गंभीर रूप से घायल आठ मजदूरों को बेहतर इलाज के लिए नरसारावपेट अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि इनमें से कई की हालत गंभीर है। बापटला के जिला कलेक्टर और एसपी ने खदान दुर्घटना के बारे में स्थानीय अधिकारियों से बात की। उन्हें राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पानी के रिसाव के कारण चट्टान धंसने की आशंका

खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार संदेह जताया जा रहा है कि पानी के रिसाव के कारण चट्टान धंस गई। फोरेंसिक टीमें जांच कर रही हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि कोई विस्फोट या भूकंपीय गतिविधि नहीं हुई। अधिकारियों का यह भी मानना है कि खदान प्रबंधन ने कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए थे।

सीएम चंद्रबाबू ने घटना पर दुख जताया

इस बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने खदान दुर्घटना में मजदूरों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों से हादसे के बारे में बात की और पूरी जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने और घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

वहीं शिक्षा एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि ग्रेनाइट खदान में कई मजदूरों की दुखद मौत से वह बेहद व्यथित हैं। उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि इस दुर्घटना में दिहाड़ी मजदूरों की मौत हो गई। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करने के आदेश दिए।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code