1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर प्रदेश : अलीगढ़ में मांस फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव से 59 कर्मचारी बेहोश, अस्पताल में चल रहा इलाज
उत्तर प्रदेश : अलीगढ़ में मांस फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव से 59 कर्मचारी बेहोश, अस्पताल में चल रहा इलाज

उत्तर प्रदेश : अलीगढ़ में मांस फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव से 59 कर्मचारी बेहोश, अस्पताल में चल रहा इलाज

0
Social Share

अलीगढ़, 29 सितम्बर। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के रोरावर क्षेत्र में गुरुवार को एक मांस फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक होने से खलबली मच गई। गैस की चपेट में आने से 59 कर्मचारी बेहोश हो गए। इनमें ज्यादातर महिला कर्माचारी थीं। सभी को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अमोनिया गैस की पाइप फट जाने से शुरू हुआ रिसाव

पीड़ितों का हाल जानने के लिए जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और एसएसपी कलानिधि नैथानी जैन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि रोरावर थाना क्षेत्र के टकलसपुर इलाके में एक मांस फैक्ट्री में अमोनिया गैस की पाइप फट जाने से रिसाव शुरू हो गया और गैस के संपर्क में आने से लोग बेहोश होने लगे। उन्होंने बताया कि पीड़ितों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं, जो फैक्ट्री में पैकेजिंग का काम कर रही थीं।

सभी कर्मचारियों की हालत खतरे से बाहर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हारिस मंसूर खां ने बताया कि गैस के संपर्क में आने से करीब 59 कर्मचारी बेहोश हो गए और उन सभी को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।

मंसूर खां ने बताया कि कुछ लोगों को ऑक्सीजन लगानी पड़ी थी, लेकिन उनकी हालत अब तेजी से ठीक हो रही है और उम्मीद है कि देर शाम तक सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। जिला प्रशासन ने इस मामले की मजिस्ट्रेट से जांच कराने के आदेश दिए हैं और एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए हैं।

फैक्ट्री में टेक्निकल सुपरविजन की कमी एवं लापरवाही पाई गई

घटना के बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ियां पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। एसएसपी कला निधि नैथानी ने बताया कि मीट फैक्ट्री में गैस रिसाव को लेकर वैधानिक काररवाई के लिए टीमें पहुंची थी, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर फैक्ट्री में टेक्निकल सुपरविजन की कमी एवं लापरवाही प्रदर्शित हुई है। फैक्ट्री में मेंटेनेंस नहीं था और घटना के समय से पुलिस और अन्य विभाग को सूचित नहीं किया गया।

फैक्ट्री मालिक सहित 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, 6 लोग गिरफ्तार

नैथानी ने बताया कि विभिन्न धाराओं में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है, जिनमें फैक्ट्री का मालिक मोहम्मद जहीर, शशिकांत, प्रवेश, अजय, अलीम, जावेद और सरफराज शामिल हैं। नामजद लोगों में से छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर विवेचना करने के निर्देश दिए गए हैं और कठोर दंडात्मक काररवाई की जाएगी।

अलीगढ़ मीट फैक्ट्रियों का हब, 10 से ज्यादा फैक्ट्रियां विदेशों में निर्यात करती हैं मीट

गौरतलब है कि अलीगढ़ मीट फैक्ट्रियों का हब है। यहां 10 से ज्यादा मीट फैक्ट्रियां हैं, जो विदेशों में मीट निर्यात करती हैं। इन फैक्ट्रियों में बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। इसके पहले भी यहां गैस लीकेज की कई घटना हो चुकी है। अल्लाना मीट फैक्ट्री में कुछ साल पहले भीषण आग से नुकसान हुआ था। खास बात यह है कि इन मीट फैक्ट्रियों के आसपास रिहायशी इलाका भी है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code