नई दिल्ली, 13 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कांग्रेस नेता और कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को अपना तिरंगा अभियान पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नागपुर स्थित मुख्यालय से शुरू करना चाहिए। प्रियांक खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा को अपना ‘हर घर तिरंगा’ कैंपेन आरएसएस हेडक्वार्टर से शुरू करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद पांच दशकों से अधिक समय तक RSS के नागपुर स्थित मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया और वहां पहली बार आधिकारिक तौर पर 2002 में तिरंगा फहराया गया।
- ‘तिरंगे के बजाय भगवा ध्वज क्यों चुना?’
कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि हर भारतीय को देशभक्ति का पाठ पढ़ाने से पहले भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उसकी वैचारिक संस्था ने लंबे समय तक तिरंगे के बजाय भगवा ध्वज को क्यों प्राथमिकता दी। उन्होंने लिखा कि यह सवाल भी पूछा जाना चाहिए कि RSS के कितने रूट मार्च में स्वयंसेवक पूरी यूनिफॉर्म में भारतीय तिरंगा लेकर मार्च करते दिखाई देते हैं। प्रियांक खड़गे ने दावा किया कि ऐसा एक भी उदाहरण नहीं है और आरोप लगाया कि इसके बावजूद भाजपा और उससे जुड़े लोग दूसरों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटते हैं।
- भाजपा ने की ‘हर घर तिरंगा’ की अपील
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चला रही है। दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों से अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यस्थल पर तिरंगा फहराने की अपील की है। भाजपा ने लोगों से तिरंगे के साथ फोटो या सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर ‘हर घर तिरंगा’ के साथ साझा करने की अपील भी की है। पार्टी का कहना है कि इस अभियान के जरिए स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति के उत्सव में बदला जाए और देश के प्रति सम्मान, गौरव तथा एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।
- ‘नए कश्मीर’ को लेकर भाजपा का पोस्ट
भाजपा ने कश्मीर को लेकर भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया। इसमें डल झील, शिकारे और लहराते तिरंगे की तस्वीर के साथ इसे ‘नए कश्मीर की नई पहचान’ बताया गया। भाजपा ने अपने पोस्ट में लिखा कि कश्मीर की खूबसूरती के बीच शान से लहराता तिरंगा देश के प्रति गर्व और नए कश्मीर की ऊर्जा को दर्शाता है। इस पोस्ट के जरिए पार्टी ने कश्मीर में शांति, विकास और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने की कोशिश की।

