1. Home
  2. राज्य
  3. उत्तरप्रदेश
  4. योगी सरकार का बड़ा फैसला : नए वर्ष में यूपी के युवाओं को 1.50 लाख सरकारी नौकरियों की सौगात
योगी सरकार का बड़ा फैसला : नए वर्ष में यूपी के युवाओं को 1.50 लाख सरकारी नौकरियों की सौगात

योगी सरकार का बड़ा फैसला : नए वर्ष में यूपी के युवाओं को 1.50 लाख सरकारी नौकरियों की सौगात

0
Social Share

लखनऊ, 18 दिसम्बर। उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के युवाओं को नए वर्ष में बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों से विभागवार रिक्त पदों का विवरण मांगा था, ताकि इन खाली पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जा सकें।

समीक्षा के बाद सीएम योगी ने वर्ष 2026 में प्रदेश के युवाओं को लगभग डेढ़ लाख सरकारी नौकरियां देने की अनुमति दे दी है। ये भर्तियां पुलिस, शिक्षा, राजस्व, आवास विकास सहित राज्य के विभिन्न विभागों में की जाएंगी। इनमें सबसे अधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी। इसके साथ ही वर्ष 2026 में योगी सरकार के नाम सबसे अधिक सरकारी नौकरियां देने का रिकॉर्ड भी दर्ज हो जाएगा।

10 वर्षों में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य होगा पूरा

योगी सरकार प्रदेश की पहली ऐसी सरकार होगी, जो 10 वर्षों में 10 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य पूरा करेगी। यूपी सरकार पिछले साढ़े आठ वर्षों में विभिन्न विभागों में युवाओं को साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दे चुकी है। ये सभी भर्तियां पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की गई हैं, जिससे प्रदेश के युवाओं का सरकार पर भरोसा मजबूत हुआ है।

योगी सरकार का भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर

पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठते रहे हैं। इसके विपरीत, योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया है।

मुख्यमंत्री ने की प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की समीक्षा

हाल ही में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की समीक्षा की। सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2026 में पुलिस और शिक्षा विभाग में लगभग 50-50 हजार पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किए जाएंगे। इसके अलावा राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी, जबकि कारागार, आवास विकास, बाल विकास पुष्टाहार और स्वास्थ्य विभाग में भी रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी करने का कार्य अंतिम चरण में

विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया के लिए विज्ञापन जारी करने का कार्य अंतिम चरण में है और कुछ विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। प्रस्तावित भर्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद योगी सरकार दस वर्षों में रिकॉर्ड 10 लाख सरकारी नौकरियां देने वाली पहली सरकार बन जाएगी।

अधिकतम युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी देने की तैयारी

सीएम योगी की मंशा के अनुरूप प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी देने के लिए अब तक पुलिस विभाग में 2.19 लाख पदों पर भर्ती की जा चुकी है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री के निर्देश पर वर्ष 2026 में पुलिस विभाग द्वारा करीब 50 हजार पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसकी अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

पुलिस विभाग में 50 हजार पदों पर भर्ती

वर्ष 2026 में पुलिस विभाग में 30 हजार आरक्षी और पांच हजार उपनिरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) सहित कुल 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके अलावा विभाग में 15 हजार अन्य पदों पर भी नियुक्तियां होंगी।

शिक्षा विभाग में भी करीब 50 हजार पदों पर भर्ती

वहीं, शिक्षा विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, शिक्षा विभाग में भी करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी। ये भर्तियां सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, प्रधानाचार्य सहित विभिन्न पदों पर होंगी। इसी तरह राजस्व विभाग में 20 हजार पदों पर भर्ती होगी, जिनमें सबसे अधिक लेखपाल पद शामिल होंगे।

अन्य विभागों में लगभग 30 हजार पदों पर की जाएंगी भर्तियां

इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार समेत अन्य विभागों में लगभग 30 हजार पदों पर भर्तियां की जाएंगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, कुल नई भर्तियों की संख्या डेढ़ लाख से अधिक होने की संभावना है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code