यूपी : योगी सरकार के 8 नए मंत्रियों में बंटे विभाग, कैबिनेट मत्री भूपेंद्र चौधरी को एमएसएमई विभाग
लखनऊ, 17 मई। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की अगुआई वाली भाजपा सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार के आठवें दिन नवनियुक्त आठ मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल की अनुमति के बाद रविवार की रात मंत्रियों के विभागों का बंटवारा संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है।
मनोज पांडेय संभालेंगे खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग
कैबिनेट मंत्रियों में भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग दिया गया है। एमएसएमई अब तक राकेश सचान के पास हुआ करता था। अब उनके पास खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग बचा है।

अन्य मंत्रियों को मिले ये विभाग
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार में अजीत सिंह पाल को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और सोमेंद्र तोमर को राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रातीय रक्षक दल दिया गया है। खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और सैनिक कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग मुख्यमंत्री के पास था। राज्य मंत्रियों कृष्णा पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास, कैलाश सिंह राजपूत ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, सुरेंद्र दिलेर राजस्व और हंस राज विश्वकर्मा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग दिए गए हैं।
मंत्रियों के विभागों का बंटवारा होने के बाद कयासों का दौर समाप्त हो गया है। भूपेंद्र चौधरी के पास योगी सरकार में पहले पंचायती राज विभाग हुआ करता था। प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह विभाग मुख्यमंत्री के पास चला गया था। यह विभाग अब सहयोगी दल सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर के पास है।
राज्य मंत्री के रूप में अजीत पाल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रानिक तथा सूचना प्रौद्योगिकी देखा रहे थे। उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और सोमेंद्र तोमर को राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रातीय रक्षक दल दिया गया है। मुख्यमंत्री के पास कुल 32 विभाग हुआ करते थे।
विभाग बंटवारे में देरी पर घेर रही थी सपा
गौरतलब है कि गत त10 मई को हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद नए मंत्रियों को विभाग आवंटन में हो रही देर पर समाजवादी पार्टी, भाजपा और योगी सरकार को लगातार घेर रही थी। इस पर तंज कसते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट किए थे।
योगी कैबिनेट की बैठक सोमवार को
इस बीच योगी सरकार 2.0 के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सोमवार (18 मई) को पहली कैबिनेट बैठक होने जा रही है। यह बैठक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर होगी। इसमें एक दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की उम्मीद है। इनमें यूपी पंचायत चुनाव में पिछड़ा वर्ग का आरक्षण तय करने के लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन को मंजूरी का प्रस्ताव भी शामिल है।
